देहरादून
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट को धमकी देने वाला गिरफ्तार, मांगी माफी; कर्नाटक से जुड़ा कनेक्शन
महेंद्र भट्ट को जान से मारने की धमकी देने वाला आरोपी कर्नाटक से ट्रेस। पिथौरागढ़ के युवक ने वीडियो जारी कर मांगी माफी। पुलिस की सख्त कार्रवाई जारी।
देहरादून: उत्तराखंड भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट को फोन पर जान से मारने की धमकी देने वाले आरोपी को पुलिस ने दबोच लिया है। देहरादून पुलिस ने तकनीकी जांच के आधार पर आरोपी की पहचान राहुल सिंह चुफाल के रूप में की है, जो मूल रूप से पिथौरागढ़ का निवासी है। वर्तमान में आरोपी कर्नाटक के एक होटल में काम कर रहा है।
पुलिस के अनुसार, रविवार को आरोपी ने महेंद्र भट्ट के निजी मोबाइल पर कॉल कर न केवल गाली-गलौज की, बल्कि उन्हें गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी भी दी। इस मामले की गंभीरता को देखते हुए महेंद्र भट्ट ने इसे अपनी राजनीतिक छवि खराब करने की साजिश बताते हुए कैंट कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने तुरंत हरकत में आते हुए सर्विलांस की मदद ली।
एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि पुलिस की सख्ती और लोकेशन ट्रेस होने के बाद आरोपी डरा हुआ है। पकड़े जाने के डर से राहुल ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर अपनी इस हरकत के लिए सार्वजनिक रूप से माफी मांगी है। आरोपी का कहना है कि उसने आवेश में आकर यह गलती की थी, लेकिन पुलिस अब उसे कानून के दायरे में लाने की तैयारी कर रही है।
एसएसपी के मुताबिक, मामले में मुकदमा दर्ज हो चुका है, इसलिए माफी मांगने मात्र से कार्रवाई नहीं रुकेगी। पुलिस ने आरोपी को नोटिस जारी कर दिया है और उसे जल्द ही देहरादून के कैंट थाने में पेश होकर अपना बयान दर्ज कराना होगा। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि इस धमकी के पीछे कोई अन्य राजनीतिक मंशा तो नहीं थी।
