Connect with us

हरिद्वार

रुड़की के पास भीषण हादसा: मोहम्मदपुर झाल गंगनहर में गिरी तेज रफ्तार कार, 2 युवकों की मौत

Published

on

खबर शेयर करें 👉

रुड़की के नारसन में मोहम्मदपुर झाल के पास बड़ा सड़क हादसा। गंगनहर में कार गिरने से मेरठ के दो युवकों की जान गई। पुलिस ने क्रेन की मदद से शवों को बाहर निकाला।

रुड़की। रुड़की स्थित नारसन क्षेत्र में बीती रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। मोहम्मदपुर झाल के पास एक तेज रफ्तार अनियंत्रित कार सीधे गंगनहर में जा गिरी। इस दुखद घटना में कार सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, सड़क का तीखा मोड़ और वाहन की अत्यधिक गति दुर्घटना का मुख्य कारण लग रही है।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंच गई। वहां गंगनहर में एक ग्रे रंग की कार उल्टी दिशा में आधी डूबी हुई मिली। पुलिस ने स्थानीय झाल कर्मियों की मदद से काफी मशक्कत के बाद वाहन की तलाशी ली। कार के भीतर दो युवक बुरी तरह फंसे हुए थे, जिन्हें बाहर निकाला गया लेकिन उनकी सांसें थम चुकी थीं।
पुलिस ने क्रेन बुलाकर दुर्घटनाग्रस्त वाहन को नहर से बाहर निकलवाया। दोनों मृतकों के शवों का पंचनामा भरकर उन्हें रुड़की मोर्चरी भेज दिया गया है। शिनाख्त के दौरान पता चला कि दोनों युवक किसी निजी काम से रुड़की आए थे। मृतकों की पहचान मेरठ निवासी सौरभ शर्मा (25) और पुनीत (25) के रूप में हुई है।
इस हादसे के बाद मृतकों के परिवार में कोहराम मच गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना के अन्य पहलुओं का पता लगाया जा रहा है। मोहम्मदपुर झाल के पास अक्सर तीखे मोड़ पर दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। पुलिस प्रशासन ने वाहन चालकों से रात के समय सावधानी बरतने की अपील की है।

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Select Language

Advertisement