हल्द्वानी
उत्तराखंड में मौसम का यू-टर्न: कुमाऊं में बर्फबारी का ऑरेंज अलर्ट, बारिश के आसार
कुमाऊं के उच्च हिमालयी क्षेत्रों में बर्फबारी का इंतजार खत्म। मौसम विभाग ने जारी किया ऑरेंज अलर्ट। मुनस्यारी, नैनीताल और मुक्तेश्वर में हिमपात की संभावना।
हल्द्वानी/नैनीताल। कुमाऊं के उच्च हिमालयी क्षेत्रों में लंबे समय से बर्फबारी का इंतजार कर रहे पर्यटकों और स्थानीय लोगों के लिए राहत भरी खबर है। मौसम विभाग ने उत्तराखंड के कई जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) की सक्रियता के कारण शुक्रवार को ऊंचे पर्वतीय क्षेत्रों में भारी बर्फबारी और मैदानी इलाकों में बारिश की प्रबल संभावना है।
मौसम वैज्ञानिक रोहित थपलियाल के मुताबिक, नैनीताल, मुक्तेश्वर, धानाचूली, मुनस्यारी और पिथौरागढ़ के ऊंचाई वाले इलाकों में शुक्रवार को हिमपात हो सकता है। वहीं, हल्द्वानी और आसपास के मैदानी क्षेत्रों में गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं। आने वाले 24 से 48 घंटों में पूरे क्षेत्र के तापमान में भारी गिरावट दर्ज की जा सकती है, जिससे कड़ाके की ठंड बढ़ेगी।
इससे पहले गुरुवार को हल्द्वानी और नैनीताल में दिनभर चटक धूप खिली रही। हल्द्वानी में अधिकतम तापमान 21 डिग्री और न्यूनतम 11 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, सरोवर नगरी नैनीताल में अधिकतम तापमान 19 डिग्री रहा, लेकिन शाम होते ही ठंडी हवाओं ने दस्तक दे दी। जीआईसी मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, रात के समय सूखी ठंड का प्रकोप बढ़ गया है।
पर्यटन कारोबारियों को उम्मीद है कि इस बर्फबारी से विंटर टूरिज्म को बड़ा बूढ़ा मिलेगा। मुनस्यारी और मुक्तेश्वर जैसे हिल स्टेशनों पर पर्यटकों की आवाजाही बढ़ने की उम्मीद है। हालांकि, प्रशासन ने ऊंचाई वाले क्षेत्रों में जाने वाले यात्रियों को सावधानी बरतने की सलाह दी है। बारिश और बर्फबारी के चलते पर्वतीय मार्गों पर पाला गिरने से फिसलन बढ़ सकती है।
मौसम विभाग का कहना है कि अगले दो दिनों तक आसमान में बादलों का डेरा रहेगा। बारिश के बाद मैदानी इलाकों में कोहरा भी बढ़ सकता है। ठंड से बचने के लिए लोगों को एहतियात बरतने को कहा गया है। यदि आप भी पहाड़ों की सैर का मन बना रहे हैं, तो गर्म कपड़ों और जरूरी दवाइयों के साथ ही यात्रा की योजना बनाएं।
