हल्द्वानी
हरिद्वार: सरकारी जमीन की जांच के दौरान खूनी संघर्ष, दो गुटों में चली गोलियां
हरिद्वार के कनखल क्षेत्र में सरकारी जमीन की जांच के दौरान भारी बवाल। जिला पंचायत उपाध्यक्ष के भाई सचिन चौहान को लगी गोली, हालत गंभीर। पढ़ें पूरी खबर।
हरिद्वार: कनखल थाना क्षेत्र के पंजनहेड़ी गांव में बुधवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब प्रशासन की मौजूदगी में दो गुट आपस में भिड़ गए। सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे की शिकायत की जांच करने पहुंची टीम के सामने ही फायरिंग हो गई। इस घटना में जिला पंचायत उपाध्यक्ष अमित चौहान के भाई और प्रॉपर्टी डीलर सचिन चौहान समेत दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के मुताबिक, राजस्व विभाग और पुलिस की टीम गांव में शिकायतों के सत्यापन के लिए पहुंची थी। इसी दौरान भाजपा से जुड़े दो पक्ष आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ा कि हाथापाई शुरू हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि विवाद के दौरान अचानक गोलियां चलने लगीं, जिससे वहां मौजूद लोगों में भगदड़ मच गई।
गोली सचिन चौहान के पेट में लगी है, जिससे उनकी हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है। उनके रिश्तेदार कृष्णपाल भी इस गोलीबारी में घायल हुए हैं। दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। घटनास्थल पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है और अधिकारियों ने साक्ष्य जुटाना शुरू कर दिया है।
इस घटना ने क्षेत्र में कानून व्यवस्था और प्रशासनिक टीम की सुरक्षा पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह ने बताया कि फायरिंग किन परिस्थितियों में हुई और इसके लिए कौन जिम्मेदार है, इसकी सघन जांच की जा रही है। पुलिस ने मामले में शामिल कुछ संदिग्धों से पूछताछ भी शुरू कर दी है।
