हरिद्वार
हरिद्वार: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और CM योगी ने किया स्वामी सत्यमित्रानंद की मूर्ति का अनावरण
हरिद्वार के सप्तऋषि आश्रम में स्वामी सत्यमित्रानंद गिरि महाराज की मूर्ति स्थापना महोत्सव का समापन। राजनाथ सिंह, मनोहर लाल खट्टर और CM योगी आदित्यनाथ रहे मौजूद।
हरिद्वार: धर्मनगरी हरिद्वार के सप्तऋषि आश्रम मैदान में चल रहे त्रिदिवसीय गुरुदेव समाधि मंदिर एवं पद्मभूषण ब्रह्मलीन स्वामी सत्यमित्रानंद गिरि महाराज की मूर्ति स्थापना महोत्सव का आज भव्य समापन हो गया। इस ऐतिहासिक अवसर पर आयोजित धर्म सम्मेलन में देश की दिग्गज राजनीतिक और धार्मिक हस्तियां एक साथ एक मंच पर नजर आईं।
दिग्गज नेताओं ने की प्राण प्रतिष्ठा
कार्यक्रम के अंतिम दिन केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आश्रम पहुंचकर स्वामी सत्यमित्रानंद गिरि महाराज की मूर्ति का विधिवत अनावरण किया। सभी नेताओं ने मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा से जुड़े धार्मिक अनुष्ठानों में श्रद्धापूर्वक सहभागिता की और महाराज के चरणों में नमन किया।
CM धामी ने किया अतिथियों का स्वागत
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में उपस्थित रहे। आयोजन की गरिमा को देखते हुए सीएम धामी स्वयं अतिथियों के स्वागत के लिए देहरादून स्थित जॉलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंचे थे। उन्होंने रक्षा मंत्री और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का स्वागत किया और कार्यक्रम स्थल तक उनके साथ मौजूद रहे।
धर्म सम्मेलन और समाधि मंदिर का महत्व
पद्मभूषण स्वामी सत्यमित्रानंद गिरि महाराज भारत माता मंदिर के संस्थापक और अध्यात्म के शिखर पुरुष थे। उनकी स्मृति में नवनिर्मित समाधि मंदिर और मूर्ति की स्थापना को सनातन धर्म के प्रचार-प्रसार में एक मील का पत्थर माना जा रहा है। समापन अवसर पर संतों ने महाराज के दिखाए मार्ग पर चलने और राष्ट्रीय एकता को मजबूत करने का संकल्प लिया।
