देहरादून
उत्तराखंड में बड़ी प्रशासनिक सर्जरी: 13 वरिष्ठ IFS अफसरों के तबादले, देखें पूरी लिस्ट
उत्तराखंड सरकार ने सोमवार रात 13 वरिष्ठ आईएफएस (IFS) अधिकारियों के कार्यक्षेत्र में फेरबदल किया है। कपिल लाल को सीईओ कैंपा और विवेक पांडे को वाइल्डलाइफ की जिम्मेदारी।
देहरादून। उत्तराखंड सरकार ने सोमवार देर रात प्रशासनिक ढांचे में बड़ा बदलाव करते हुए भारतीय वन सेवा (IFS) के 13 वरिष्ठ अधिकारियों के दायित्वों में फेरबदल किया है। इस फेरबदल के तहत कई महत्वपूर्ण विभागों के प्रमुखों को बदला गया है। शासन द्वारा जारी आदेश के अनुसार, पीसीसीएफ कपिल लाल को अब सीईओ कैंपा (CEO CAMPA) की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है।
वहीं, पीसीसीएफ एसके सबोटी को प्रमुख वन संरक्षक (वन पंचायत) बनाया गया है। वन्यजीवों के संरक्षण की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए डॉक्टर विवेक पांडे को एपीसीसीएफ वाइल्डलाइफ का प्रभार दिया गया है। इसके अतिरिक्त नरेश कुमार को सीसीएफ प्रशासन की जिम्मेदारी मिली है, जबकि सुरेंद्र मेहरा को सतर्कता एवं विधि प्रकोष्ठ के साथ वन अनुसंधान का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा गया है।
महिला अधिकारियों की जिम्मेदारी में भी बदलाव किया गया है। एपीसीसीएफ मीनाक्षी जोशी से मानव संसाधन का प्रभार वापस लेकर उन्हें बांस और रेशा बोर्ड का सीईओ बनाया गया है। दूसरी ओर, सीसीएफ पीके पात्रों को मानव संसाधन के साथ-साथ एमडी इको-टूरिज्म का दायित्व दिया गया है। क्षेत्रीय स्तर पर भी कुमाऊं और गढ़वाल में वन संरक्षकों के कार्यक्षेत्र बदले गए हैं।
पंकज कुमार को अब निदेशक नंदा देवी के पद से हटाकर दक्षिणी कुमाऊं का वन संरक्षक बनाया गया है। वहीं, आकाश वर्मा को नंदा देवी बायोस्फीयर रिजर्व का नया निदेशक नियुक्त किया गया है। नीतीश मणि त्रिपाठी हल्द्वानी (पश्चिमी वृत्त) और नीतू लक्ष्मी यमुना वृत्त की वन संरक्षक होंगी। सरकार के इस कदम को वन प्रबंधन और प्रशासनिक कार्यक्षमता बढ़ाने की दिशा में एक अहम प्रयास माना जा रहा है।
