उधमसिंह नगर
रुद्रपुर में बिरयानी पर बवाल: ‘सौरभ’ नाम से ‘राशिद’ बेच रहा था हलाल चिकन
रुद्रपुर में जोमैटो पर नाम बदलकर चिकन बिरयानी बेचने का मामला सामने आया। ‘सौरभ’ नाम की आईडी से ‘इंडियन रेस्टोरेंट’ का संचालक राशिद गिरफ्तार। जानें पूरा विवाद।
रुद्रपुर: उत्तराखंड के ऊधम सिंह नगर जिले के रुद्रपुर से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहाँ ऑनलाइन फूड डिलीवरी ऐप जोमैटो (Zomato) पर एक मुस्लिम रेस्टोरेंट संचालक द्वारा हिंदू नाम ‘सौरभ’ का उपयोग कर चिकन बिरयानी बेचने पर भारी हंगामा हो गया। मामला तब खुला जब एक स्थानीय युवक ने ‘सौरभ’ नाम देखकर बिरयानी ऑर्डर की, लेकिन जांच करने पर वह दुकान राशिद नामक व्यक्ति की निकली।
घटना त्रिशूल चौक क्षेत्र की है, जहाँ एक युवक ने संदेह होने पर डिलीवरी राइडर का पीछा किया। जब राइडर ‘इंडियन रेस्टोरेंट’ से ऑर्डर लेकर निकला, तो युवकों ने उसे रोक लिया। पूछताछ में खुलासा हुआ कि रेस्टोरेंट का असली मालिक राशिद है, लेकिन उसने ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर अपनी पहचान और दुकान का नाम बदलकर ‘सौरभ’ रखा हुआ था। इस खुलासे के बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई और लोगों ने संचालक पर धोखाधड़ी का आरोप लगाया।
प्रदर्शन कर रहे युवकों का मुख्य आरोप है कि नाम बदलकर ग्राहकों को गुमराह किया जा रहा है। उनका कहना है कि हिंदू नाम देखकर लोग अक्सर ‘झटके का मांस’ समझकर ऑर्डर करते हैं, लेकिन उन्हें ‘हलाल चिकन’ परोसा जा रहा है। युवकों के अनुसार, यह उनकी धार्मिक मान्यताओं के साथ खिलवाड़ है। विवाद बढ़ते देख मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को संभाला और रवि चंद्रा की तहरीर पर आरोपी राशिद को हिरासत में ले लिया।
इस मामले में गौरक्षा दल के अध्यक्ष विराट आर्य और हिंदूवादी नेता अनिकेत ने कड़ा विरोध दर्ज कराया है। उनका दावा है कि ऐसी कई फर्जी आईडी अलग-अलग नामों से चलाई जा रही हैं, जो सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने का काम कर सकती हैं। उन्होंने स्थानीय लोगों से अपील की है कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
एसएसआई अनिल जोशी ने बताया कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या यह केवल व्यापारिक रणनीति थी या इसके पीछे कोई गहरी साजिश है। उन्होंने साफ चेतावनी दी है कि किसी भी व्यक्ति को कानून अपने हाथ में लेने की अनुमति नहीं दी जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
