Connect with us

देहरादून

देहरादून-दिल्ली एक्सप्रेसवे का नया किराया जारी, वॉल्वो सफर ₹236 तक सस्ता

Published

on

खबर शेयर करें 👉

देहरादून-दिल्ली एक्सप्रेसवे पर रोडवेज बसों का नया किराया लागू। वॉल्वो, एसी और साधारण बसों के दाम घटे। दिल्ली अब मात्र 4 घंटे दूर, जानें पूरी रेट लिस्ट।

देहरादून। उत्तराखंड रोडवेज ने बहुप्रतीक्षित देहरादून-दिल्ली एक्सप्रेसवे के लिए बसों का नया किराया चार्ट जारी कर दिया है। नए रूट से दूरी कम होने के कारण अब यात्रियों को पहले के मुकाबले काफी कम पैसे खर्च करने होंगे। गुरुवार को उप महाप्रबंधक (तकनीकी) भूपेश कुशवाह ने बताया कि रोडवेज ने इस एक्सप्रेसवे पर 14 नॉन-स्टॉप बस सेवाओं का संचालन विधिवत शुरू कर दिया है।
नए रूट सर्वे के अनुसार, देहरादून से दिल्ली की दूरी अब घटकर मात्र 215 किलोमीटर रह गई है। दूरी घटने का सीधा लाभ किराए में कटौती के रूप में मिला है। अब दिल्ली जाने वाली वॉल्वो बस का किराया 709 रुपये तय किया गया है, जो पहले 945 रुपये था। इसी तरह एसी जनरथ बसों का किराया भी 704 रुपये से घटाकर 557 रुपये कर दिया गया है।
परिवहन अधिकारियों का कहना है कि वर्तमान में साधारण बसें पुराने रूट (वाया रुड़की-मुजफ्फरनगर) से ही चलेंगी। हालांकि, यदि एक्सप्रेसवे पर सवारियों की संख्या पर्याप्त रहती है, तो भविष्य में कुछ साधारण बसों को भी इसी रूट पर शिफ्ट किया जा सकता है। एक्सप्रेसवे के शुरू होने से न केवल आम यात्री खुश हैं, बल्कि ट्रांसपोर्ट कारोबारियों को भी बड़ी राहत मिली है।
एक्सप्रेसवे की वजह से अब ट्रक दिल्ली से देहरादून का सफर मात्र 4 घंटे में पूरा कर रहे हैं। ऑल इंडिया मोटर ट्रांसपोर्ट कांग्रेस के अनुसार, जाम खत्म होने से एक ट्रक का प्रति चक्कर लगभग 30 लीटर डीजल बच रहा है। हालांकि, ट्रांसपोर्टरों ने टोल टैक्स की महंगी दरों को लेकर चिंता भी जाहिर की है। उन्होंने सरकार से टोल रेट कम रखने की मांग की है ताकि जनता को इस आधुनिक सड़क का पूर्ण लाभ मिल सके।

Select Language

Advertisement