हरिद्वार
हरिद्वार: जीवित पत्नी का किया ‘पिंडदान’, तस्वीर पर थूका; वायरल वीडियो पर पुलिस का एक्शन
हरिद्वार के गंगा घाट पर एक युवक द्वारा जीवित पत्नी का प्रतीकात्मक पिंडदान करने और तस्वीर पर थूकने का वीडियो वायरल। पुलिस ने शुरू की जांच, हिंदू संगठनों में भारी आक्रोश।
हरिद्वार। धर्मनगरी हरिद्वार के गंगा घाट से एक बेहद चौंकाने वाला और आपत्तिजनक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस वीडियो में एक युवक अपनी पत्नी की तस्वीर पर कथित तौर पर थूकते हुए और फिर उसे गंगा में प्रवाहित करते हुए दिखाई दे रहा है। युवक वीडियो में पिंडदान जैसी धार्मिक क्रियाएं करता भी नजर आ रहा है, जिसे लेकर तीर्थ पुरोहितों और हिंदू संगठनों ने कड़ा विरोध दर्ज कराया है।
सोशल मीडिया पर 18 सेकंड का यह वीडियो तेजी से फैल रहा है। दावा किया जा रहा है कि युवक अपनी पत्नी की रील बनाने की आदत से काफी परेशान था। इसी नाराजगी के चलते उसने हरिद्वार आकर जीवित पत्नी का ‘प्रतीकात्मक पिंडदान’ किया। हालांकि, हरिद्वार पुलिस ने अभी तक इन दावों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और मामले की गहराई से जांच कर रही है।
वीडियो वायरल होने के बाद तीर्थ पुरोहित समाज और हिंदूवादी संगठनों में भारी नाराजगी है। तीर्थ पुरोहित उज्जवल पंडित ने इसे करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था के साथ खिलवाड़ बताया है। उन्होंने कहा कि गंगा घाट पर इस तरह की अशोभनीय हरकतें धार्मिक परंपराओं और मर्यादा के खिलाफ हैं। संत समाज ने प्रशासन से आरोपी युवक के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि वीडियो हरिद्वार के किस घाट का है और कितना पुराना है। वीडियो में गंगा किनारा और सीढ़ियां तो नजर आ रही हैं, लेकिन सटीक लोकेशन की पुष्टि होना बाकी है। हरकी पैड़ी चौकी पुलिस का कहना है कि युवक की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस वीडियो की सत्यता और लोकेशन की तकनीकी जांच कर रही है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि यह मामला कब का है और युवक का वास्तविक उद्देश्य क्या था। पुलिस ने चेतावनी दी है कि गंगा घाट की गरिमा को ठेस पहुँचाने वाली किसी भी गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पहचान उजागर होने के बाद युवक के खिलाफ सुसंगत धाराओं में कार्रवाई की जा सकती है।
