Connect with us

हरिद्वार

नैनीताल निवासी IIT रुड़की के पीएचडी छात्र का शव नहर से बरामद, नोटबुक ने उलझाई गुत्थी

Published

on

खबर शेयर करें 👉

IIT रुड़की के शोधार्थी मोहित कुमार का शव मंगलौर की आसफनगर नहर से बरामद हुआ है। 3 दिन से लापता छात्र की मौत की जांच में जुटी पुलिस को मिली संदिग्ध नोटबुक।

रुड़की। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) रुड़की से पीएचडी कर रहे एक शोधार्थी का शव रविवार शाम संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुआ है। पुलिस को छात्र का शव मंगलौर क्षेत्र के आसफनगर नहर के झाल से मिला। मृतक की शिनाख्त मोहित कुमार (40) पुत्र जवाहर लाल आर्य के रूप में हुई है। मोहित मूल रूप से नैनीताल के निवासी थे और संस्थान में शोध कार्य कर रहे थे।
पुलिस जांच के अनुसार, मोहित कुमार पिछले तीन दिनों से लापता बताए जा रहे थे। वे आईआईटी परिसर के ‘कार्टले भवन’ छात्रावास में रहते थे और इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग के छठे सेमेस्टर के छात्र थे। रविवार शाम जब ग्रामीणों ने नहर में शव देखा, तो तुरंत स्थानीय पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने छात्र के छात्रावास स्थित कमरे की भी तलाशी ली। छानबीन के दौरान पुलिस को कमरे से एक नोटबुक मिली है, जिसे साक्ष्य के तौर पर कब्जे में ले लिया गया है। पुलिस फिलहाल इस नोटबुक के पन्नों में मौत के कारणों और छात्र की मानसिक स्थिति सुराग तलाश रही है। हालांकि, अभी तक इस मामले में परिजनों की ओर से कोई आधिकारिक तहरीर नहीं दी गई है।
मोहित की मौत की खबर से आईआईटी संस्थान और उनके गृह जनपद नैनीताल में शोक की लहर है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल पाएगा। फिलहाल पुलिस अपने स्तर से मामले की गहन छानबीन कर रही है और छात्र के साथियों से भी पूछताछ की जा रही है।

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Select Language

Advertisement