Connect with us

उत्तराखण्ड

उत्तराखंड में हीट वेव का रेड अलर्ट, देहरादून समेत 6 जिलों में भीषण गर्मी की चेतावनी

Published

on

खबर शेयर करें 👉

उत्तराखंड में अगले 24 से 48 घंटों के लिए भीषण गर्मी और हीट वेव का अलर्ट जारी किया गया है। प्रशासन ने हेल्पलाइन नंबर जारी कर लोगों को सावधान रहने को कहा है।

देहरादून। उत्तराखंड में लगातार बढ़ रहे तापमान और भीषण गर्मी के चलते जनजीवन बुरी तरह प्रभावित होने लगा है। मौसम विभाग ने आगामी 48 घंटों के दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में तीव्र हीट वेव का अलर्ट जारी किया है। इसे देखते हुए जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गए हैं। चिकित्सकों ने विशेष रूप से बच्चों, बुजुर्गों और कामकाजी लोगों को इस मौसम में अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह दी है।
मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक सी.एस. तोमर के अनुसार देहरादून, हरिद्वार, पौड़ी गढ़वाल, उधम सिंह नगर, नैनीताल और उत्तरकाशी के मैदानी क्षेत्रों में पारा 40 डिग्री सेल्सियस के पार जा सकता है। वहीं पर्वतीय इलाकों में भी तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से ऊपर रहने की संभावना जताई गई है। राजधानी देहरादून में सुबह से ही चुभती गर्मी का असर दिखने लगा है, जिससे अस्पतालों को भी अलर्ट रहने के निर्देश दिए गए हैं।
वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. एस.के. झा ने आम जनता से अपील की है कि दोपहर 11 बजे से शाम 4 बजे तक अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलें। यदि बाहर जाना बहुत जरूरी हो, तो सिर को छाते या सूती कपड़े से जरूर ढकें। उन्होंने शरीर में पानी की कमी से बचने के लिए लगातार नींबू पानी, ओआरएस, नारियल पानी और तरबूज जैसे पानी युक्त फलों का सेवन करने की सलाह दी है।
जिलाधिकारी सविन बंसल के निर्देशों पर किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र को सक्रिय कर दिया गया है। प्रशासन ने आम जनता की मदद के लिए हीट वेव हेल्पलाइन नंबर 2726066, 2626066 और व्हाट्सएप नंबर 7534826066 जारी किए हैं। डॉक्टरों का कहना है कि चक्कर आने, तेज बुखार या उल्टी जैसे लक्षण दिखने पर तुरंत नजदीकी सरकारी अस्पताल में संपर्क करें।

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Select Language

Advertisement