हल्द्वानी
हल्द्वानी में मतदाता सूची अपडेट करने के लिए SIR शिविर आयोजित, भारी संख्या में पहुंचे लोग
हल्द्वानी के विष्णुपुरी दुर्गा मंदिर में SIR मतदाता जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। समाजसेवी विशाल वर्मा और अंजलि वर्मा की देखरेख में फार्म जमा किए गए।
हल्द्वानी। वार्ड नंबर 19 रामपुर रोड स्थित गली नंबर 10, विष्णुपुरी दुर्गा मंदिर में भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार SIR मतदाता सूची अपडेट करने के लिए एक विशेष शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र के सभी पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में जोड़ना और पुराने रिकॉर्ड को पूरी तरह से संशोधित करना है।
स्थानीय समाजसेवी विशाल वर्मा ने कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि विष्णुपुरी दुर्गा मंदिर में आयोजित इस मतदाता जागरूकता शिविर में साल 2003 से 2025 तक की मैपिंग मतदाता सूची की बारीकी से समीक्षा की गई। इसके बाद सभी जरूरी प्रक्रियाओं को पूरा करते हुए SIR मतदाता फार्म जमा कर डेटा अपडेट किया गया। उन्होंने बताया कि क्षेत्रवासियों ने इस अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और भारी संख्या में लोग अपने दस्तावेज जमा करने पहुंचे।
शिविर के दौरान उन लोगों से विशेष अनुरोध किया गया जिन्होंने अभी तक अपने फार्म जमा नहीं किए हैं, ताकि वे जल्द से जल्द इस प्रक्रिया को पूरा कर सकें। पूर्व पार्षद प्रत्याशी और समाजसेवी अंजलि वर्मा ने बताया कि सरकार द्वारा जारी गणना प्रपत्र (SIR फार्म) में पहचान पत्र की जानकारी और एक पासपोर्ट साइज फोटो के साथ फार्म भरकर जमा किए जा रहे हैं। उन्होंने जनता से अपील की कि भविष्य की दिक्कतों से बचने के लिए इस प्रक्रिया को गंभीरता से लें।
अंजलि वर्मा ने आगे कहा कि जिन मतदाताओं के नाम छूट गए हैं या लिस्ट में नाम न होने से कोई समस्या आ रही है, वे तुरंत अपने क्षेत्र की बीएलओ (BLO) से संपर्क कर सकते हैं। इसके साथ ही, इस अभियान के तहत उन लोगों के नाम मतदाता सूची से हटाए जा रहे हैं जिनकी मृत्यु हो चुकी है। इस पूरी कवायद का उद्देश्य यह है कि आगामी लोकसभा, विधानसभा और नगर निगम चुनावों में कोई भी योग्य नागरिक अपने मत अधिकार से वंचित न रहे।
इस शिविर को सफल बनाने में प्रशासनिक अमले और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने मिलकर काम किया। इस दौरान मौके पर समाजसेवी विशाल वर्मा, पूर्व पार्षद प्रत्याशी अंजलि वर्मा के साथ-साथ क्षेत्र की बीएलओ संगीता सिंह, बीएलओ राधा गोस्वामी और बीएलओ मंशा बोरा मुख्य रूप से मौजूद रहीं। इन सभी अधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने लोगों के फॉर्म भरवाने और उनकी समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
