हल्द्वानी
हल्द्वानी और भवाली में तीन दर्दनाक मौतें: छात्रा ने लगाई फांसी, दो पुरुषों ने खाया जहर
हल्द्वानी के काठगोदाम में 12वीं की छात्रा ने फंदा लगाकर जान दी। वहीं भवाली और मुखानी में दो लोगों की जहरीला पदार्थ गटकने से अस्पताल में मौत हो गई।
नैनीताल। जिले के अंतर्गत हल्द्वानी और भवाली क्षेत्र से आत्महत्या के तीन बेहद दुखद और चौंकाने वाले मामले सामने आए हैं। पहली घटना काठगोदाम थाना क्षेत्र की है, जहां जवाहर ज्योति दमुवाढूंगा निवासी 18 वर्षीय रिया आर्या ने संदिग्ध परिस्थितियों में फंदा लगाकर सुसाइड कर लिया। मृतका 12वीं कक्षा की छात्रा थी और उसने बुधवार रात को अज्ञात कारणों के चलते यह आत्मघाती कदम उठाया। घटना की असल वजह अभी तक सामने नहीं आ सकी है।
दमुवाढूंगा चौकी प्रभारी कुमकुम धानिक ने बताया कि घटना के बाद परिजन बिना पुलिस को सूचना दिए छात्रा को फंदे से उतारकर तत्काल डॉ. सुशीला तिवारी अस्पताल ले गए थे। अस्पताल प्रशासन की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लिया। काठगोदाम एसएचओ जसवीर सिंह चौहान के मुताबिक, पुलिस ने परिजनों की मौजूदगी में शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया और फिर उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
दूसरा मामला भवाली क्षेत्र का है, जहां एक अधेड़ व्यक्ति ने अज्ञात कारणों के चलते जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। तबीयत बिगड़ने पर उन्हें तत्काल हल्द्वानी के डॉ. सुशीला तिवारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। मृतक की पहचान साईतोली, भवाली निवासी 54 वर्षीय चंद्रकांत (पुत्र बालीराम) के रूप में हुई है। पुलिस ने पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी कर शव को परिजनों को सौंप दिया है।
तीसरी दर्दनाक घटना हल्द्वानी के मुखानी कोतवाली क्षेत्र से सामने आई है। यहां शिवपुरी कॉलोनी निवासी 33 वर्षीय आशुतोष अग्रवाल ने संदिग्ध परिस्थितियों में विषाक्त पदार्थ गटक लिया। हालत गंभीर होने पर उन्हें सुशीला तिवारी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों के तमाम प्रयासों के बाद भी उन्हें बचाया नहीं जा सका। इन तीनों ही मामलों में पीड़ितों के आत्मघाती कदम उठाने के ठोस कारणों का पता नहीं चल पाया है, जिसकी पुलिस गहनता से तफ्तीश कर रही है।
