Connect with us

हल्द्वानी

हल्द्वानी वैश्य महासभा चुनाव: राजीव अग्रवाल निर्विरोध अध्यक्ष और दिनेश गुप्ता महामंत्री चुने गए

Published

on

खबर शेयर करें 👉

हल्द्वानी के अग्रसेन भवन में वैश्य महासभा का द्विवार्षिक चुनाव संपन्न हुआ। राजीव अग्रवाल निर्विरोध अध्यक्ष बने, जबकि दिनेश गुप्ता ने महामंत्री पद पर 14 मतों से जीत दर्ज की।

हल्द्वानी। वैश्य समाज के प्रमुख संगठन ‘वैश्य महासभा हल्द्वानी’ का द्विवार्षिक चुनाव शांतिपूर्ण और बेहद उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हो गया है। रामपुर रोड स्थित अग्रसेन भवन में आयोजित इस चुनावी बैठक में समाज के सैकड़ों लोगों ने हिस्सा लिया। इस लोकतांत्रिक प्रक्रिया में राजीव अग्रवाल को निर्विरोध अध्यक्ष चुना गया है, जबकि महामंत्री पद के लिए हुए कड़े मुकाबले में दिनेश गुप्ता ने शानदार जीत दर्ज की है।
चुनावी कार्यक्रम की शुरुआत निवर्तमान महामंत्री तनुज गुप्ता के संचालन और रामबाबू जायसवाल की अध्यक्षता में हुई। बैठक के पहले चरण में निवर्तमान महामंत्री ने पिछले दो वर्षों के दौरान संगठन द्वारा किए गए सामाजिक कार्यों का विस्तृत ब्यौरा पेश किया। इसके बाद कोषाध्यक्ष राजेंद्र अग्रवाल (मुन्ना) ने संगठन का आय-व्यय का लेखा-जोखा सामने रखा, जिसे उपस्थित सभी सदस्यों ने ध्वनिमत से सर्वसम्मति से पारित कर दिया।
महासभा की इस अहम बैठक में मुख्य चुनाव अधिकारी बिंदेश कुमार गुप्ता, सह चुनाव अधिकारी विपिन गुप्ता और सुरेश केसरवानी की देखरेख में पूरी चुनावी प्रक्रिया पारदर्शिता के साथ संपन्न कराई गई। शुरुआत में अध्यक्ष पद के लिए राजीव अग्रवाल और हीरालाल साहू के नाम प्रस्तावित किए गए थे। हालांकि, हीरालाल साहू द्वारा स्वेच्छा से अपना नाम वापस लेने के बाद राजीव अग्रवाल को निर्विरोध अध्यक्ष घोषित कर दिया गया।
दूसरी ओर, महामंत्री पद के लिए मुकाबला त्रिकोणीय था, जिसमें दिनेश गुप्ता, रजत महेश्वरी और रामबाबू साहू मैदान में थे। रामबाबू साहू के नाम वापसी के बाद दिनेश और रजत के बीच सीधा मतदान हुआ। इस बेहद रोमांचक चुनाव में दिनेश गुप्ता को 110 वोट मिले, जबकि प्रतिद्वंद्वी रजत महेश्वरी को 96 वोट प्राप्त हुए। इस प्रकार दिनेश गुप्ता ने 14 मतों के अंतर से जीत हासिल कर महामंत्री पद पर कब्जा जमाया।
जीत की घोषणा होते ही नवनिर्वाचित अध्यक्ष राजीव अग्रवाल और नवनिर्वाचित महामंत्री दिनेश गुप्ता का समाज के लोगों ने माल्यार्पण कर और मिठाई खिलाकर भव्य स्वागत किया। दोनों ही नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने पूरे वैश्य समाज का आभार प्रकट करते हुए संगठन को नई ऊंचाइयों पर ले जाने का संकल्प लिया। इस दौरान वैश्य समाज के वरिष्ठ पदाधिकारियों सहित महिला एवं युवा प्रकोष्ठ के प्रतिनिधि बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

Select Language

Advertisement