Connect with us

नई दिल्ली

मौसम विभाग का ऑरेंज अलर्ट: नैनीताल जिले में अलर्ट मोड पर अधिकारी, सड़कों पर तैनात रहेंगी JCB

Published

on

खबर शेयर करें 👉

मौसम विभाग द्वारा 29 जुलाई को भारी बारिश के ‘ऑरेंज अलर्ट’ के बाद जिलाधिकारी ने अधिकारियों को हाई अलर्ट पर रहने और आपदा तंत्र को मुस्तैद रहने के निर्देश दिए हैं।

नैनीताल। मौसम विभाग ने 29 जुलाई को जनपद में भारी बारिश की चेतावनी जारी करते हुए ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया है। मौसम विभाग की इस गंभीर चेतावनी को देखते हुए जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने शासन और प्रशासन के अधिकारियों को हाई अलर्ट पर रहने के सख्त निर्देश जारी किए हैं। भारत मौसम विभाग (IMD) देहरादून द्वारा जारी इस पूर्वानुमान के बाद जिले के सभी संबंधित विभागों को हर स्थिति से निपटने के लिए अलर्ट मोड पर रखा गया है।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि भारी बारिश के कारण भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में मलबा या पेड़ गिरने से यातायात बाधित न हो। इसके लिए मलबे और गिरे हुए पेड़ों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने लोक निर्माण विभाग (लोनिवि) के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सभी संवेदनशील मोटर मार्गों पर जेसीबी मशीनों और गैंग कार्मिकों की 24 घंटे तैनाती रखी जाए। इसके अलावा, तहसील स्तर पर क्विक रिस्पांस (QRT) टीमों को भी पूरी तरह मुस्तैद रहने को कहा गया है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए आवश्यक संसाधनों और व्यवस्थाओं को पहले से तैयार रखा जाए। आपदा प्रबंधन की तैयारियों को लेकर सभी अधिकारियों को मुख्यालय पर मौजूद रहने और अपने मोबाइल फोन 24 घंटे ऑन रखने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि जरूरत पड़ने पर तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया जा सके।
आपदा या आपातकालीन स्थिति में त्वरित सहायता के लिए जिला आपदा नियंत्रण कक्ष को पूरी तरह सक्रिय कर दिया गया है। आम नागरिक किसी भी प्रकार की आपात स्थिति में जिला आपदा नियंत्रण कक्ष के फोन नंबरों 05942-231178 /79/81, मोबाइल नंबर 8272080884 या टोल-फ्री नंबर 1077 पर तुरंत संपर्क कर सूचना दे सकते हैं।

Select Language

Advertisement