उत्तराखण्ड
उत्तराखंड में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट, सीएम धामी ने दिए कड़े निर्देश
उत्तराखंड के कई जिलों में 29-30 जुलाई को भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी। सीएम पुष्कर सिंह धामी ने सभी विभागों को 24×7 अलर्ट मोड पर रहने और राहत कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं।
देहरादून। उत्तराखंड में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदल गया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने प्रदेश के कई जनपदों में 29 और 30 जुलाई को भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसे देखते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी पूरी तरह सक्रिय हो गए हैं और उन्होंने सभी विभागों को 24×7 अलर्ट मोड पर रहने के सख्त निर्देश दिए हैं।
मंगलवार तड़के मुख्यमंत्री धामी ने आपदा प्रबंधन सचिव विनोद कुमार सुमन से फोन पर प्रदेश की स्थिति की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट किया कि आपदा या आपात स्थिति से निपटने में एक क्षण की भी देरी नहीं होनी चाहिए। सीएम ने बंद सड़क मार्गों को तुरंत खोलने के लिए जेसीबी और पोकलेन जैसी मशीनरी की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही दुर्गम क्षेत्रों में राहत कार्यों के लिए हेली सेवाओं को भी पूरी तरह अलर्ट पर रखा गया है।
मुख्यमंत्री के निर्देशों के क्रम में आपदा प्रबंधन सचिव ने सभी जिलाधिकारियों के साथ वर्चुअल बैठक कर स्थिति की समीक्षा की। बैठक में स्पष्ट किया गया कि संवेदनशील इलाकों में विशेष सतर्कता बरती जाए और किसी भी जगह बिजली, पानी या संचार सेवाएं बाधित होने पर उनकी तत्काल बहाली हो। चारधाम यात्रा पर आने वाले यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए खराब मौसम में उन्हें सुरक्षित स्थानों पर रोकने के निर्देश दिए गए हैं।
मौसम विभाग के अनुसार 29 जुलाई को देहरादून, टिहरी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, नैनीताल, चंपावत और उधम सिंह नगर में भारी बारिश की आशंका है। वहीं 30 जुलाई को बागेश्वर, चंपावत, पिथौरागढ़ समेत कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट प्रभावी रहेगा। सरकार ने प्रदेशवासियों और यात्रियों से अपील की है कि वे अनावश्यक यात्रा से बचें, नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहें और प्रशासन की गाइडलाइन का पूरी तरह पालन करें।
