हरिद्वार
हरिद्वार में स्वतंत्रता दिवस पर ‘एक शाम शहीदों के नाम’ काव्य गोष्ठी आयोजित
हरिद्वार में भारतीय जागरूकता समिति ने स्वतंत्रता दिवस पर काव्य गोष्ठी आयोजित की। लोकप्रिय कवियों ने देशभक्ति की रचनाओं से शहीदों को नमन किया।
हरिद्वार। 80वें स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर देशभक्ति का अनूठा रंग देखने को मिला। भारतीय जागरूकता समिति की ओर से देश के अमर बलिदानियों और वीर सपूतों को श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए ‘एक शाम शहीदों के नाम’ काव्य गोष्ठी का भव्य आयोजन किया गया। ज्वालापुर के श्री राम नगर स्थित इंद्रजीत भवन में आयोजित यह कार्यक्रम देर शाम तक चला।
काव्य गोष्ठी का शुभारंभ कवयित्री कंचन प्रभा गौतम की वाणी वंदना के साथ हुआ। इसके बाद आमंत्रित कवियों ने अपनी ओजस्वी रचनाओं से पूरे वातावरण को राष्ट्रप्रेम के रंग में सराबोर कर दिया। कार्यक्रम का संचालन कर रहे ‘चेतना पथ’ के संपादक अरुण कुमार पाठक ने आजादी के दौरान हुए विभाजन की त्रासदी पर मार्मिक रचना प्रस्तुत कर श्रोताओं को भावुक कर दिया।
समारोह में कवि अरविंद दुबे, वृंदा ‘वाणी’, अमित कुमार ‘मीत’ और देवेंद्र मिश्र ने अपनी देशभक्ति कविताओं के माध्यम से जमकर वाहवाही लूटी। इसके अलावा डॉ. प्रशांत कौशिक, डॉ. सुशील कुमार त्यागी, डॉ. मीरा भारद्वाज, राजकुमारी राजेश्वरी, गीतकार सुभाष मलिक और वरिष्ठ कवि कुंवर पाल सिंह ‘धवल’ ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से शहीदों के चरणों में काव्य सुमन अर्पित किए।
कार्यक्रम के दौरान शिक्षाविद डॉ. विजयेन्द्र पालीवाल ने माँ गंगा की स्वच्छता, नागरिक कर्तव्यों और ईमानदारी से देश सेवा करने का संदेश दिया। वहीं, योगी रजनीश ने साहित्यकारों से समाजहित में सार्थक लेखन का आह्वान किया। संस्था के संस्थापक अध्यक्ष अधिवक्ता ललित मिगलानी ने भारतीय जागरूकता समिति के सामाजिक कार्यों का ब्योरा प्रस्तुत करते हुए सभी अतिथियों और श्रोताओं का आभार व्यक्त किया।
