हल्द्वानी
हल्द्वानी में दिल्ली चाट दुकान पर तोड़फोड़: पुलिस ने 4 युवकों को किया गिरफ्तार
हल्द्वानी के दुर्गा सिटी सेंटर में दिल्ली चाट की दुकान पर तोड़फोड़ और मारपीट मामले में नैनीताल पुलिस ने 4 युवकों को गिरफ्तार किया। पढ़िए पूरी रिपोर्ट।
हल्द्वानी। शहर के प्रमुख व्यापारिक क्षेत्र दुर्गा सिटी सेंटर के पास 23 सितंबर की देर रात दिल्ली चाट की दुकान के समीप छात्रों के दो गुटों के बीच भारी विवाद हो गया। इस दौरान अराजक तत्वों ने दुकान में घुसकर न केवल संपत्ति को नुकसान पहुंचाया, बल्कि खरीदारी कर रहे ग्राहकों और राहगीरों के साथ भी मारपीट की। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
मामले की सूचना मिलते ही नैनीताल पुलिस एक्शन मोड में आ गई। दुकान स्वामी बिपिन चंद्र जोशी (निवासी जगदंबा नगर, भोटियापड़ाव) की ओर से मिली लिखित तहरीर के आधार पर कोतवाली हल्द्वानी में FIR संख्या 327/2026 दर्ज की गई। पुलिस अधिकारियों ने तुरंत घटना का संज्ञान लेते हुए आरोपियों की तलाश शुरू की।
एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के कड़े निर्देशों के बाद एसपी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल के पर्यवेक्षण और प्रभारी निरीक्षक विजय मेहता के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों में स्थापित विभिन्न CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने घटना में शामिल प्रमुख चेहरों की पहचान की।
सघन चेकिंग अभियान चलाकर पुलिस ने नामजद चार युवकों—आदित्य सिंह रावत उर्फ एएस ठाकुर, कवि नेगी, कार्तिक नागिला और ईशान शर्मा को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान की जा रही है और जल्द ही उन पर भी कानूनी शिकंजा कसा जाएगा।
