नई दिल्ली
वेब सीरीज एक्ट्रेस ठाणे में सेक्स रैकेट में गिरफ्तार
ठाणे क्राइम ब्रांच के AHTC ने सेक्स रैकेट चलाने के आरोप में एक एक्ट्रेस को गिरफ्तार किया। कार्रवाई के दौरान दो महिलाओं को सुरक्षित रेस्क्यू किया गया।
मुम्बई। ठाणे क्राइम ब्रांच के एंटी-ह्यूमन ट्रैफिकिंग सेल (AHTC) ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए सेक्स रैकेट से जुड़े मामले में एक अभिनेत्री को गिरफ्तार किया है। आरोपी महिला कई भोजपुरी फिल्मों और 10 से ज्यादा हिंदी वेब सीरीज में काम कर चुकी है। पुलिस ने इस गुप्त ऑपरेशन के दौरान देह व्यापार में धकेली जा रही दो महिलाओं को सुरक्षित बचा लिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, सीनियर पुलिस इंस्पेक्टर अंजलि आंधले को पडवाल नगर इलाके में एक अवैध रैकेट के सक्रिय होने की सूचना मिली थी। इस इनपुट के आधार पर AHTC की टीम ने 26 सितंबर को वागले एस्टेट में योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया। दोपहर लगभग 3 बजे संदिग्ध आरोपी को घेराबंदी कर हिरासत में ले लिया गया।
जांच अधिकारियों के मुताबिक, आरोपी अभिनेत्री दो महिलाओं को जबरन इस अनैतिक व्यापार में ढकेलने का प्रयास कर रही थी। हालांकि पुलिस ने सही समय पर दबिश देकर दोनों पीड़िताओं को कस्टडी में लिया और उन्हें सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। फिलहाल पुलिस आरोपी महिला के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी हुई है।
ठाणे क्राइम ब्रांच ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और अनैतिक व्यापार (रोकथाम) अधिनियम की प्रासंगिक धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की है। अधिकारी इस बात की गहराई से जांच कर रहे हैं कि इस गिरोह के तार मनोरंजन उद्योग के अन्य लोगों से तो नहीं जुड़े हैं। बचाई गई महिलाओं के बयानों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
