उत्तराखण्ड
उत्तराखंड छात्रसंघ चुनाव परिणाम: एबीवीपी का दबदबा, डीएसबी में निर्दलीय की जीत
देहरादून और नैनीताल के कॉलेजों में छात्रसंघ चुनाव परिणाम घोषित। SGRR और MKP में ABVP का कब्जा, सुधोवाला में NSUI और DSB परिसर में निर्दलीय जीते।
देहरादून/नैनीताल। उत्तराखंड के प्रमुख कॉलेजों में छात्रसंघ चुनाव 2026 के परिणाम घोषित हो गए हैं। देहरादून के एसजीआरआर (SGRR) पीजी कॉलेज और एमकेपी (MKP) पीजी कॉलेज में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) का पूरा पैनल विजयी रहा। वहीं, नैनीताल के डीएसबी परिसर में निर्दलीय प्रत्याशी ने एबीवीपी को हराकर अध्यक्ष पद पर कब्जा जमाया।
देहरादून के एसजीआरआर पीजी कॉलेज में एबीवीपी के साहिल पंवार 388 मत हासिल कर अध्यक्ष चुने गए। उन्होंने एनएसयूआई की स्मिता चौहान (133 वोट) को बड़े अंतर से हराया। इसी तरह एमकेपी पीजी कॉलेज में एबीवीपी की आयुषी पैन्यूली ने 268 वोट पाकर अध्यक्ष पद पर जीत दर्ज की। एमकेपी में एबीवीपी ने सभी पांचों मुख्य पदों पर अपना परचम लहराया।
राजकीय महाविद्यालय सुधोवाला (देहरादून) में एनएसयूआई ने शानदार जीत दर्ज की। एनएसयूआई की मुनीषा प्रवीन ने 244 वोट हासिल कर एबीवीपी के आदित्य पाण्डेय को 33 मतों से मात दी। सुधोवाला में अध्यक्ष समेत पांच पदों पर एनएसयूआई ने जीत दर्ज की, जबकि मालदेवता (रायपुर) महाविद्यालय में एबीवीपी के सचिन सिंह 432 वोट पाकर अध्यक्ष निर्वाचित हुए।
नैनीताल स्थित डीएसबी परिसर में निर्दलीय प्रत्याशी भानूप्रताप सिंह चौहान ने बड़ा उलटफेर किया। भानूप्रताप ने एबीवीपी के शुभम कुमार को 482 मतों से हराकर अध्यक्ष पद जीता। वहीं मसूरी के एमपीजी (MPG) कॉलेज में अध्यक्ष पद पर एबीवीपी के विद्यांत थापली 185 वोट हासिल कर विजयी रहे। नतीजे घोषित होते ही ढोल-नगाड़ों और नारेबाजी के साथ जश्न मनाया गया।
