हरिद्वार
हरिद्वार दोहरे हत्याकांड का मुख्य आरोपी एनकाउंटर में गिरफ्तार, पुलिस पर की थी फायरिंग
हरिद्वार के झबरेड़ा में बहन और उसके प्रेमी की हत्या करने वाला आरोपी अमन पुलिस मुठभेड़ में घायल होकर गिरफ्तार। जानिए पूरी घटना और बरामदगी।
हरिद्वार। जिले के झबरेड़ा थाना क्षेत्र में पुलिस को एक बड़ी सफलता हासिल हुई है। 26 सितंबर को ग्राम झबरेड़ी कलां में हुए दोहरे हत्याकांड के मुख्य आरोपी अमन उर्फ भरोसी को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर अपनी बहन रूपा और सूरज (18 वर्ष) की गोली मारकर हत्या करने का आरोप था। घटना के बाद से ही आरोपी पुलिस की पकड़ से बाहर चल रहा था।
हरिद्वार के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) नवनीत भुल्लर के निर्देशन में फरार बदमाशों की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा था। झबरेड़ा पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी गांव की तरफ आ रहा है। इसके बाद पुलिस टीम ने नहर पुल पिकेट पर नाकेबंदी और चेकिंग शुरू की। पुलिस को देखते ही तेज गति से आ रहे आरोपी ने फायरिंग कर दी और भागने लगा।
आरोपी बूढ़पुर पाल बस्ती की ओर जाने वाले रास्ते पर भागते हुए बार-बार पुलिस पर गोलियां चला रहा था। आत्मरक्षा में पुलिस टीम ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी अमन के पैर में गोली लग गई और वह घायल होकर गिर पड़ा। घायल आरोपी को तुरंत इलाज के लिए राजकीय अस्पताल हरिद्वार भेजा गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अपना गुनाह कबूल कर लिया है। आरोपी ने बताया कि बहन और सूरज के प्रेम प्रसंग के कारण उसे समाज में काफी बदनामी का सामना करना पड़ रहा था। इसी वजह से उसने दोनों को रास्ते से हटाने का मन बनाया और तमंचे से गोली मारकर हत्या कर दी।
पुलिस ने आरोपी के पास से एक अवैध तमंचा .315 बोर, दो खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस और एक बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल बरामद की है। आरोपी के खिलाफ हत्या और पुलिस पर हमले से जुड़ी संबंधित भारतीय न्याय संहिता (BNS) और शस्त्र अधिनियम की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
