उत्तर प्रदेश
मेरठ में पति ने पत्नी को बोनट पर 100 मीटर घसीटा, बीच सड़क चले लात-घूंसे
मेरठ में पति को दूसरी महिला के साथ देख भड़की पत्नी। बोनट पर 100 मीटर घसीटने के बाद सड़क पर जमकर हुआ हंगामा। जानिए पूरा मामला।
मेरठ। उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले के लोहियानगर थाना क्षेत्र में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक पति को दूसरी महिला के साथ कार में देखकर पत्नी का गुस्सा फूट पड़ा। जब पति ने भागने की कोशिश की, तो पत्नी कार के बोनट पर लेट गई। इसके बावजूद बेखौफ पति ने गाड़ी नहीं रोकी और अपनी पत्नी को बोनट पर टांगकर करीब 100 मीटर तक कार दौड़ाता रहा। पीड़ित महिला लगातार बचाओ-बचाओ चिल्लाती रही।
हापुड़ रोड स्थित एल-ब्लॉक चौकी के पास हुए इस ड्रामे को देखकर राहगीरों के होश उड़ गए। पीछे से आ रहे बाइक सवारों और स्थानीय लोगों ने शोर मचाकर कार को जबरन रुकवाया। कार रुकते ही आक्रोशित पत्नी ने अपने पति को खींचकर बीच सड़क पर ही पीटना शुरू कर दिया। दोनों के बीच जमकर मारपीट हुई, जिसमें पति के कपड़े तक फट गए। इस हंगामे के बीच कार में बैठी दूसरी महिला मौका देखकर फरार हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को थाने ले आई। जांच में सामने आया कि किठौर निवासी आरोपी मयंक की शादी 12 साल पहले 2014 में हुई थी और उसके दो बच्चे हैं। पति-पत्नी के बीच पिछले तीन साल से अनबन चल रही थी, जिसके चलते दोनों अलग रह रहे थे। इसी दौरान मयंक की मुलाकात इंश्योरेंस कंपनी में काम करने वाली एक तलाकशुदा महिला से हुई और दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ गईं।
थाने में पत्नी की तहरीर पर मयंक और उसकी प्रेमिका के खिलाफ जान से मारने की कोशिश का केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।




