उत्तराखण्ड
राज्यसभा चुनाव: दिनेश आर्य ने भरा पर्चा, सीएम धामी ने कांग्रेस पर साधा निशाना
देहरादून में भाजपा प्रत्याशी दिनेश आर्य ने राज्यसभा सीट के लिए नामांकन दाखिल किया। सीएम धामी ने इसे सामान्य कार्यकर्ता का सम्मान बताया।
देहरादून। उत्तराखंड से राज्यसभा की रिक्त हो रही सीट के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार दिनेश आर्य ने नामांकन दाखिल कर दिया है। नामांकन के अंतिम दिन विधानसभा भवन, देहरादून पहुंचकर उन्होंने अपना पर्चा भरा। इस दौरान प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट समेत कई वरिष्ठ मंत्री और विधायक उपस्थित रहे।
नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मीडिया को संबोधित करते हुए पार्टी नेतृत्व का आभार जताया। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने एक सामान्य और निष्ठावान कार्यकर्ता को राज्यसभा का उम्मीदवार बनाकर यह साबित किया है कि पार्टी हर वर्ग और जमीनी कार्यकर्ताओं का पूरा ध्यान रखती है। इसके साथ ही उन्होंने विपक्षी दल कांग्रेस की जातिवादी राजनीति पर भी तीखा प्रहार किया।
उत्तराखंड विधानसभा में दलीय स्थिति और संख्या बल को देखते हुए दिनेश आर्य की जीत लगभग तय मानी जा रही है। निर्वाचन अधिकारी हेम पंत के अनुसार, नामांकन प्रक्रिया के अंतिम दिन कुल तीन नामांकन पत्रों की बिक्री हुई थी, जिनमें से केवल भाजपा प्रत्याशी दिनेश आर्य ने ही अपना पर्चा दाखिल किया है।
दिनेश आर्य लंबे समय से संगठन में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं और वर्तमान में राज्य स्तरीय पेयजल अनुश्रवण परिषद के उपाध्यक्ष भी हैं। उनके प्रत्याशी बनने से पार्टी कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है। सीएम धामी और अन्य वरिष्ठ नेताओं ने दिनेश आर्य को शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई कि वे संसद के उच्च सदन में उत्तराखंड की आवाज को मजबूती से उठाएंगे।




