Connect with us

उत्तराखण्ड

चारधाम यात्रा: व्यवसायिक वाहनों के लिए आज से बनने लगेंगे ग्रीन कार्ड

Published

on

खबर शेयर करें 👉

पोर्टल पर आवदेन, रसीद लेकर जाना होगा आरटीओ कार्यालय, वाहन की फिटनेस के बाद मिलेगा ग्रीन कार्ड

देहरादून। चारधाम यात्रा में चलने वाले व्यवसायिक वाहनों के ग्रीन कार्ड बनाने के लिए पोर्टल https://greencard.uk.gov.in/ सोमवार से शुरू हो जाएगा। पोर्टल में ग्रीन कार्ड बनाने संबंधी जरूरी जानकारी डालने और फीस जमा करने के बाद एक रसीद जारी होगी। इसे लेकर आवेदकों को आरटीओ कार्यालय जाना होगा, जहां वाहन की फिटनेस के बाद ग्रीन कार्ड जारी कर दिया जाएगा।
चारधाम यात्रा 22 अप्रैल से शुरू हो रही है। यात्रा पर जाने वाले व्यावसायिक वाहनों के कागजात और फिटनेस जांचने के बाद ग्रीन कार्ड जारी किया जाता है। ग्रीन कार्ड के आधार पर ही आवेदकों को यात्रा मार्ग पर वाहन चलाने की अनुमति दी जाती है। गत वर्ष 22 हजार वाहनों के ग्रीन कार्ड जारी किए गए थे। इनमें 12 हजार कार्ड राज्यों के वाहनों और आठ हजार कार्ड दूसरे राज्य के वाहनों को जारी किए गए थे।
आवेदक को ग्रीन कार्ड बनाने के लिए जारी वेबसाइट पर जाना होगा। यहां वह अपने वाहन का नंबर और चेसिस नंबर डालेगा। ऐसा करने से वाहन साफ्टवेयर से वाहन की सारी जानकारी आ जाएगी। यह भी पता चल सकेगा कि वाहन के सभी कागजात सही हैं या नहीं। इसके बाद वह आनलाइन फीस जमा करेगा, जिस पर उसे एक रसीद मिलेगी। रसीद के साथ वह वाहन को लेकर आरटीओ कार्यालय जाएगा, जहां वाहन की फिटनेस के बाद ग्रीन कार्ड जारी कर दिया जाएगा।
यात्रियों को सहूलियत देने के लिए परिवहन विभाग का यह पोर्टल पर्यटन विभाग की वेबसाइट में भी खुल सकेगा। यहां यात्रा का पंजीकरण कराने वाले यात्रियों को ग्रीन कार्ड बनाने का विकल्प भी नजर आएगा, जिसमें जाकर वे उपरोक्त प्रक्रिया अपनाते हुए ग्रीन कार्ड की रसीद प्राप्त कर सकेंगे।
व्यावसायिक वाहनों को ट्रिप कार्ड बनाना जरूरी होगा। इसके लिए वह पोर्टल में ही ट्रिप कार्ड के आप्शन पर जाकर अपना लाइसेंस नंबर और जन्मतिथि डालेगा। इससे उसके लाइसेंस के संबंध में सारी जानकारी आ जाएगी। इससे यह पता चल सकेगा कि किस वाहन में कितने लोग किस तिथि को यात्रा पर जा रहे हैं। विभाग चेकपोस्ट पर भी जांच आसान करने की प्रक्रिया अपना रहा है।

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Select Language

Advertisement