Connect with us

हरिद्वार

22 जनवरी को अयोध्या में भगवान श्री राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा पर रोशनी से जगमग होगा उत्तराखंड का यह शहर

Published

on

खबर शेयर करें 👉

सभी प्रमुख चौक-चौराहों को लाइटों से सजाया जाएगा, हरकी पैड़ी पर भी फूलों से सजाई जाएगी
हरिद्वार। धर्मनगरी को 22 जनवरी को अयोध्या की तरह सजाया जाएगा। सभी प्रमुख चौक-चौराहों को लाइटों से सजाया जाएगा। हरकी पैड़ी पर भी फूलों से सजाया जाएगा और शाम के समय हजारों दीये जलाकर उत्सव मनाया जाएगा। हरकी पैड़ी के आसपास के बाजारों के अलावा प्रमुख बाजारों को भी सजाया जाएगा। साथ ही 22 जनवरी को हरिद्वार के विभिन्न इलाकों में पुष्प वर्षा करने पर भी विचार किया जा रहा है ’
जिलाधिकारी धीराज सिंह गर्ब्याल की अध्यक्षता में शानिवार को मेला नियंत्रण भवन (सीसीआर) में स्वच्छ भारत मिशन के अन्तर्गत सफाई अभियान के संबंध में बैठक हुई। इस अभियान के तहत 14 से 22 जनवरी तक समस्त मंदिरों, देवालयों, घाटों एवं चौराहों तथा धार्मिक स्थलों पर सफाई अभियान चलाया जाएगा। डीएम ने कहा कि धार्मिक स्थलों में सफाई अभियान चलाने के साथ ही लाइटिंग और दीप प्रज्ज्वलित करने की व्यवस्था की जाएगी। साथ ही आमजन को इस कार्यक्रम से जोड़ा जाएगा। ज्वालापुर के राम चौक पर 5100 दीपक जलाए जाएंगे।
श्रीगंगा सभा के पदाधिकारियों ने बैठक में बताया कि संस्था मकर संक्रान्ति पर्व पर भी दीपोत्सव का आयोजन करेगी। जिलाधिकारी ने श्रीगंगा सभा के पदाधिकारियों से अपील करते हुए कहा कि वे हरकी पैड़ी से राम धुन का प्रसारण भी करें। इसी तरह अखाड़ों के प्रतिनिधियों ने जानकारी दी कि इस अवसर पर दीप जलाने के साथ ही सफाई के भी विशेष आयोजन किए जाएंगे। स्वयंसेवी संस्थाओं ने भी बैठक में अपना पूरा सहयोग देने का आश्वाशन दिया। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिये कि घाटों आदि जहां पर भी अतिक्रमण है, उसे हटाया जाए।

Select Language

Advertisement