Connect with us

उत्तराखण्ड

पांच महिलाओं व चार वनकर्मियों पर हमला करने वाला गुलदार मलेथा में ढेर

Published

on

खबर शेयर करें 👉


वन विभाग की टीम को 11 हजार की नगद धनराशि देकर किया सम्मानित
श्रीनगर। विकासखंड कीर्तिनगर में अलग-अलग स्थानों पर 24 घंटे के अंदर पांच महिलाओं व चार वनकर्मियों पर हमला करने वाला गुलदार मलेथा में ढेर हो गया। गुलदार को मारने के लिए वन विभाग की टीम ने चार फायर किए।
शुक्रवार सुबह साढ़े नौ बजे के करीब गुलदार मलेथा में विधायक आवास के समीप एक होटल के भूतल में बने कमरे में घुस गया था। इसी दौरान देवप्रयाग विधायक विनोद कंडारी वन कर्मियों व प्रशासन के साथ बैठक कर रहे थे। बैठक समाप्त होने के 10 मिनट बाद विधायक कंडारी व अन्य लोग मौके पर पहुंचे। विधायक ने तत्काल वन विभाग की टीम को भी मौके पर बुलाया। करीब एक घंटा गुलदार कमरे में रहा, लेकिन वन विभाग को उसे ट्रेकुंलाइज नहीं कर पाया। जिसके बाद गुलदार रेलवे प्रोजेक्ट निर्माण स्थल से खेतों की ओर भाग गया।
इसके बाद डंपिंग जोन के पास वन विभाग की टीम को दोबारा गुलदार दिखाई दिया। यहां टीम ने उसे ट्रेंकुलाइज करने की कोशिश की, लेकिन वह वन विभाग के एसडीओ अनिल पैन्यूली व वनकर्मी महावीर सिंह पर झपट पड़ा। इस हमले में दोनों लहुलुहान हो गए। अन्य वनकर्मियों ने किसी तरह दोनों को बचाया और तत्काल बेस अस्पताल पहुंचाया। वहीं गुलदार झाड़ियों में जाकर छिप गया। वन विभाग की टीम ने ड्रोन कैमरे की मदद से गुलदार को झाड़ियों से बाहर निकाला। खेतों की ओर आते ही तैनात टीम ने गुलदार पर चार फायर दागे। जिसमें से एक गोली गुलदार को लगी और वह ढेर हो गया। वन विभाग की टीम ने गुलदार का शव कब्जे में लिया व उसका पोस्टमार्टम कराया। गुलदार की मौत की खबर फैलते ही मलेथा व अन्य स्थानों पर लोगों ने राहत की सांस ली।
देवप्रयाग विधायक विनोद कंडारी ने गुलदार को ढेर करने वाली वन विभाग की टीम को 11 हजार रुपये की नगद धनराशि देकर सम्मानित किया। इसके साथ ही उन्होंने बेहतर रणनीति बनाने के लिए डीएफओ नरेंद्रनगर अमित कंवर, एसडीएम कीर्तिनगर सोनिया पंत, तहसीलदार मानवेंद्र बत्र्वाल, वन क्षेत्राधिकारी बुद्धि प्रकाश, मगन सिंह रावत, डिप्टी रेंजर सुखदेव बडोनी, भीम सिंह, सुरेश पैन्यूली का सम्मान भी किया। इस मौके पर अभिषेक नेगी, संजय रौथाण सहित कीर्तिनगर, माणिकनाथ व शिवपुरी रेंज के करीब 50 से अधिक वन कर्मी मौजूद रहे।

Select Language

Advertisement