Connect with us

चमोली/उत्तरकाशी/रुद्रप्रयाग/टिहरी/पौड़ी

टिहरी में ततैयों के हमले से एक की मौत, एक घायल

Published

on

खबर शेयर करें 👉

टिहरी: जौनपुर ब्लॉक के रियाट गांव में एक बार फिर ततैयों के हमले से हड़कंप मच गया है। शनिवार को जंगल में चरवाहों पर ततैयों के झुंड ने हमला कर दिया, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल है।
मृतक की पहचान सुरजन सिंह (67 वर्ष) के रूप में हुई है। उनके भाई राय सिंह को मसूरी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
क्या है पूरा मामला?
रियाट गांव के जबर सिंह ने बताया कि शनिवार सुबह सुरजन सिंह, उनकी पत्नी भामू देवी और भाई राय सिंह गांव से दूर जंगल में बकरियां और गाय चराने गए थे। दोपहर करीब 12:30 बजे भामू देवी ने फोन कर बताया कि उनके ऊपर ततैयों ने हमला कर दिया है और सुरजन सिंह व राय सिंह बेहोश हो गए हैं।
सूचना मिलते ही जबर सिंह ग्रामीणों के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और घायलों को मसूरी अस्पताल ले गए। अस्पताल में पहुंचने पर डॉक्टरों ने सुरजन सिंह को मृत घोषित कर दिया। राय सिंह का अभी भी इलाज चल रहा है।
पुलिस और वन विभाग की कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस उप निरीक्षक आनंद सिंह रावत मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि घायलों को ग्रामीणों ने ही अस्पताल पहुंचाया था। वन विभाग की टीम को भी मौके पर भेजा गया है।
मसूरी वन प्रभाग के डीएफओ अमित कंवर ने बताया कि पीड़ित परिवार को तत्काल एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार मुआवजा दिया जाएगा।
क्षेत्र में ततैयों के हमले की बढ़ती घटनाएं
यह पहली बार नहीं है जब जौनपुर क्षेत्र में ततैयों के हमले में लोगों की जान गई हो। करीब सवा माह पहले भी इसी क्षेत्र में ततैयों के हमले में एक पिता और पुत्र की मौत हो गई थी।
ततैयों के हमलों की बढ़ती घटनाओं से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। वन विभाग ने लोगों को जंगल में अकेले जाने से बचने की सलाह दी है और ततैयों के छत्ते दिखने पर वन विभाग से संपर्क करने को कहा है।

Select Language

Advertisement