कोटद्वार
कोटद्वार में पत्नी की गला दबाकर हत्या, पति ने किया आत्महत्या का प्रयास
कोटद्वार। शिब्बूनगर में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की गला दबाकर हत्या कर दी। आरोपी ने इसके बाद अपने गले और हाथ पर चाकू मारकर आत्महत्या करने की कोशिश की। उसे बेस अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

इंस्पेक्टर कोटद्वार रमेश तनवार ने बताया कि रिखणीखाल ब्लॉक के ग्राम धामधार का मूल निवासी मनोज रावत पत्नी शशि, बेटी और बेटे के साथ शिब्बूनगर में किराए पर रह रहा था। मनोज शराब बनाने वाली फैक्ट्री में और उसकी पत्नी एक स्कूल में नौकरी करती थी।
पुलिस का अनुमान है कि देर रात दोनों में किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। गुस्से में मनोज ने तड़के करीब तीन बजे अपनी पत्नी का गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद मनोज ने अपने गले और हाथ की नस काटने का प्रयास किया।
सुबह मनोज ने खुद ही पुलिस को घटना की सूचना दी। कोतवाल ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया गया है। मृतका के पिता सतपाल सिंह की तहरीर के आधार पर आरोपी मनोज के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।
यह घटना अत्यंत दुखद और निंदनीय है। पारिवारिक विवादों को सुलझाने के लिए हमेशा शांतिपूर्ण और कानूनी तरीकों का इस्तेमाल करना चाहिए। किसी भी परिस्थिति में हिंसा का सहारा लेना उचित नहीं है।
