हरिद्वार
स्ट्रीट डॉग्स और निराश्रित जानवरों पर अत्याचार रोकने को लेकर नगर आयुक्त को सौंपा गया ज्ञापन
हरिद्वार। धर्मनगरी में बुधवार को पशु अधिकारों के प्रति संवेदनशीलता दिखाते हुए देवभूमि बधिर एसोसिएशन के नेतृत्व में एक दर्जन से अधिक पशु प्रेमियों ने नगर निगम कार्यालय में मुख्य नगर आयुक्त से भेंट की। इस दौरान स्ट्रीट डॉग्स और अन्य निराश्रित जानवरों की सुरक्षा और संरक्षण से जुड़ी समस्याओं को लेकर एक ज्ञापन सौंपा गया।
प्रदेश प्रवक्ता सोनिया अरोड़ा ने कहा कि शहर में जगह-जगह स्ट्रीट डॉग्स के साथ क्रूरता की घटनाएं सामने आ रही हैं, जिन्हें रोकना बेहद जरूरी है। उन्होंने मांग की कि जिन कुत्तों का बंध्याकरण हो चुका है, उन्हें उनकी पुरानी जगह पर ही छोड़ा जाए। साथ ही सभी निराश्रित जानवरों के गले में रेडियम पट्टियां बांधी जाएं ताकि उन्हें रात के समय सड़कों पर होने वाली दुर्घटनाओं से बचाया जा सके।
पारस आहूजा और शिवम् चौहान ने बंध्याकरण के बाद कुत्तों में आए व्यवहारिक बदलाव पर चिंता जताई और विशेषज्ञों की राय लेने की मांग की। अनु अरोड़ा और इंद्रकुमार ने सभी 60 वार्डों में जानवरों के लिए पानी की समुचित व्यवस्था किए जाने का सुझाव दिया।
अमित अरोड़ा और मीनाक्षी बिष्ट ने नगर आयुक्त से अनुरोध किया कि इस विषय पर सभी वार्ड पार्षदों के साथ बैठक आयोजित की जाए। मुख्य नगर आयुक्त ने ज्ञापन में उठाए गए सभी बिंदुओं पर गंभीरता से विचार कर उचित कार्यवाही का आश्वासन दिया।
ज्ञापन सौंपने वालों में संदीप अरोड़ा, शिवानी सैनी, हरदीप सिंह, विजय जोशी समेत अन्य पशु प्रेमी शामिल रहे।
