अल्मोड़ा/बागेश्वर/चंपावत/पिथौरागढ़
विदेशी दुल्हन और कुमाऊं के बेटे की प्रेम कहानी बनी मिसाल, पारंपरिक रीति-रिवाजों से रचाई शादी
पिथौरागढ़। फ्रांस की रहने वाली अनियास लुईस और उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले के मुनस्यारी निवासी गंगा सिंह राणा की अनोखी प्रेम कहानी इन दिनों प्रदेशभर में चर्चा का विषय बनी हुई है। वर्ष 2019 से अनियास मुनस्यारी आती रही हैं और इसी दौरान उनकी मुलाकात गंगा सिंह से हुई, जो उस समय एक होटल में कार्यरत थे। मुलाकातें धीरे-धीरे दोस्ती में बदली और फिर दोस्ती ने प्यार का रूप ले लिया। समय के साथ यह प्रेम विवाह में बदल गया और बीते सोमवार को दोनों ने एक-दूजे के साथ सात फेरे लेकर शादी के पवित्र बंधन में बंधने का फैसला किया।
शादी का आयोजन मुनस्यारी के सरमोली स्थित एक वेडिंग हॉल में पारंपरिक कुमाऊंनी रीति-रिवाजों के साथ सम्पन्न हुआ। विदेशी दुल्हन अनियास ने इस मौके पर पूरी तरह कुमाऊंनी संस्कृति को अपनाया और घाघरा, पिछौड़ा और पारंपरिक नथ पहनकर सभी का दिल जीत लिया। उनका यह पारंपरिक रूप सभी के लिए आकर्षण का केंद्र बना रहा। अनियास और गंगा की इस खास घड़ी के सैकड़ों लोग गवाह बने और विवाह समारोह में लोकगीतों की गूंज और सांस्कृतिक रंगत ने माहौल को बेहद खास बना दिया।
बताया जा रहा है कि अनियास के परिजन भी इस मौके पर फ्रांस से उत्तराखंड पहुंचे थे और वे भारतीय संस्कृति में पूरी तरह रमे हुए नजर आए। विवाह की सभी रस्में भारतीय परंपराओं के अनुसार निभाई गईं। वहीं गंगा सिंह राणा एक होम स्टे संचालक हैं और साथ ही अनुभवी टूर व वर्ल्ड वॉचिंग गाइड भी हैं। उनकी और अनियास की यह सांस्कृतिक मिलन वाली शादी न सिर्फ प्रेम की मिसाल बन गई है बल्कि यह दर्शाती है कि प्यार सीमाओं का मोहताज नहीं होता। यह विवाह स्थानीय लोगों के साथ-साथ प्रदेशभर में आकर्षण और चर्चा का विषय बन गया है।
