Connect with us

हल्द्वानी

भवाली बाजार में भीषण आग से सौ साल पुराना मकान और सात दुकानें जलकर राख, शॉर्ट सर्किट से लगी आग

Published

on

खबर शेयर करें 👉

भवाली। सोमवार रात भवाली बाजार में भीषण आग लगने से सौ साल पुराना मकान और उसमें बनी सात दुकानें पूरी तरह जलकर राख हो गईं। आग इतनी विकराल थी कि आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। दमकल विभाग की छह गाड़ियों और तीन जिलों की टीमों के करीब साढ़े तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।

जानकारी के मुताबिक, भवाली तल्ली बाजार में देवी मंदिर के पास पालिकाध्यक्ष पंकज कुमार और स्व. कुंवर सिंह समेत चार लोगों का यह लकड़ी का दो मंजिला पुराना मकान है। मकान के भूतल पर कास्मेटिक समेत कुछ अन्य दुकानें थीं। सोमवार शाम करीब आठ बजे जब दुकानदार दुकानें बंद कर अपने घर लौट गए थे, तभी अचानक इनमें से किसी एक दुकान में आग लग गई। शॉर्ट सर्किट को आग लगने का कारण माना जा रहा है।

यह भी पढ़ें 👉  देहरादून में 14 हजार लीटर पेट्रोल लेकर जा रहे टैंकर में आग लगी

कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरी इमारत को चपेट में ले लिया। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि स्थानीय लोग अपने घरों से बाहर निकल आए। घटना की सूचना मिलते ही एसपी क्राइम डॉ. जगदीश चन्द्र, सीओ प्रमोद साह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू कार्य शुरू करवाया। आसपास के लोग भी बाल्टियों से पानी डालकर आग बुझाने की कोशिश करते रहे।

करीब आधे घंटे बाद नैनीताल से फायर ब्रिगेड की एक गाड़ी मौके पर पहुंची। कुछ ही देर में एक और दमकल वाहन भवाली पहुंचा। अग्निशमन दल ने मंदिर के पास भवन पर चढ़कर पाइप से पानी बरसाया। डेढ़ घंटे बाद हल्द्वानी से फायर ब्रिगेड की एक और गाड़ी आग बुझाने के लिए मौके पर पहुंच गई। इसके बाद हल्द्वानी से दो और दमकल वाहन बुलाए गए। कुल छह दमकल वाहनों की मदद से करीब साढ़े तीन घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।

यह भी पढ़ें 👉  हाथ में जान बचाने की गुहार की तख्ती और लूट की 40 हजार की रकम के साथ इनामी ने थाने में किया सरेंडर

हालांकि, तब तक मकान और उसमें बनी सात दुकानें पूरी तरह जलकर राख हो चुकी थीं। हादसे के चलते भवाली बाजार से गुजरने वाला हल्द्वानी, नैनीताल और अल्मोड़ा की ओर जाने वाला यातायात भी बाधित रहा। आग से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है, जबकि घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि शुरुआती समय में फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर पहुंच जाती तो नुकसान को काफी हद तक कम किया जा सकता था।

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Select Language

Advertisement