हरिद्वार
हरिद्वार: कलयुगी मां और उसके प्रेमी ने किया नाबालिग बेटी से गैंगरेप, गिरफ्तार
हरिद्वार: हरिद्वार में मानवता को शर्मसार कर देने वाली एक घटना सामने आई है, जहाँ एक मां ने अपने प्रेमी और उसके दोस्त के साथ मिलकर अपनी ही 13 वर्षीय बेटी का सामूहिक दुष्कर्म करवाया। हरिद्वार पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी मां और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है।
रानीपुर कोतवाली में सचिन कुमार नामक व्यक्ति ने शिकायत दर्ज कराई कि जनवरी 2025 में उनकी पत्नी अपनी नाबालिग बेटी को अपने दोस्त सुमित पटवाल और शुभम के साथ घुमाने के बहाने BHEL स्टेडियम ले गई। वहाँ पत्नी की सहमति से सुमित और शुभम ने शराब पीकर डरा-धमकाकर बच्ची के साथ गलत काम किया। इसके बाद, बच्ची को डरा-धमकाकर आगरा, वृंदावन और हरिद्वार के होटलों में भी सामूहिक दुष्कर्म किया गया। आरोपियों ने बच्ची और उसके पिता को जान से मारने की धमकी भी दी थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी प्रमेन्द्र सिंह डोबाल के निर्देश पर पीड़िता का मेडिकल करवाया गया और आरोपियों की तलाश में छापेमारी की गई। आज, 4 जून 2025 की सुबह, पुलिस ने आरोपी महिला और उसके प्रेमी सुमित पटवाल (पुत्र राजपाल सिंह, न्यू कैनाल कॉलोनी बहादराबाद, उम्र 33 वर्ष) को होटल युग रेजीडेंसी, शिव मूर्ति चौक से दबोच लिया। आरोपी महिला की उम्र 37 वर्ष है और वह सचिन कुमार की पत्नी है।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कोतवाली रानीपुर में मु0अ0सं0 245/25 धारा 70(2), 351(3), 3(5) BNS व 3(क)/4(2), 5(l)/6, 16/17 पोक्सो अधि0 के तहत मामला दर्ज किया है। इस मामले की जांच के लिए कमल मोहन भण्डारी (प्रभारी निरीक्षक, कोतवाली रानीपुर) के नेतृत्व में एक पुलिस टीम का गठन किया गया, जिसमें उ0नि0 मिनाक्षी बिष्ट, उ0नि0 अर्जुन कुमार, उ0नि0 देवेन्द्र सिंह पाल, हे0का0 विमल नेगी, का0 सर्वजीत सिंह और म0का0 मीनाक्षी शामिल थे। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
