उधमसिंह नगर
बेटी को स्कूल छोड़कर लौट रहे व्यक्ति की सड़क हादसे में मौत, छोटी बेटी गंभीर घायल
किच्छा। गदरपुर क्षेत्र के ग्राम दलीपनगर निवासी मदन सिंह (32) की बाइक शुक्रवार को खटीमा लौटते वक्त ट्रक से टकरा गई। हादसे में मदन सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक पर बैठी उसकी छोटी बेटी माही गंभीर रूप से घायल हो गई।
मदन सिंह चक्की का कारोबार करता था। शुक्रवार सुबह वह बड़ी बेटी महक को खटीमा स्थित आवासीय स्कूल छोड़कर छोटी बेटी माही के साथ वापस लौट रहा था। उत्तमनगर में बने कट के पास उनकी बाइक ट्रक से टकरा गई। हादसा इतना भीषण था कि मदन सिंह ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि माही गंभीर रूप से घायल हो गई।
घटना यूपी सीमा क्षेत्र में होने से कोतवाली बहेड़ी की सिरसा चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए बरेली भेज दिया। घायल माही का इलाज रुद्रपुर के निजी अस्पताल में चल रहा है। हादसे की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंच गए और कोहराम मच गया।
