हल्द्वानी
हाईवे कट से हुई युवक की मौत पर बवाल: लालकुआं के ग्रामीणों का उग्र प्रदर्शन, अधिकारियों ने दिए समाधान के आश्वासन
लालकुआं। हल्द्वचौड स्थित बरेली-नैनीताल नेशनल हाईवे पर बने खतरनाक कट से हुई युवक दीपक जोशी की मौत के बाद क्षेत्र में भारी आक्रोश फैल गया। शनिवार देर रात हुए हादसे के विरोध में रविवार को सैकड़ों लोगों ने हाईवे प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और विरोध प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि हाईवे पर जगह-जगह बने असुरक्षित कटों के चलते आए दिन जानलेवा हादसे हो रहे हैं, लेकिन प्रशासन आंखें मूंदे बैठा है। स्थानीय व्यापार मंडल अध्यक्ष खीम सिंह बिष्ट के नेतृत्व में ग्रामीणों ने प्रशासन को जिम्मेदार ठहराते हुए सर्विस रोड निर्माण, स्पीड कंट्रोल के लिए ब्लिंकर, हाईमास्क लाइट और सीसीटीवी कैमरे लगाने की मांग की।
हंगामे की सूचना पर मौके पर पहुंची परिवहन विभाग की तकनीकी अधिकारी अपराजिता पांडे, सीओ दीपशिखा अग्रवाल, कोतवाल दिनेश चंद्र फर्त्याल समेत प्रशासनिक अधिकारियों ने नाराज ग्रामीणों से बातचीत की। इस दौरान अधिकारियों और प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई, मगर बाद में अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण कर उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
अपराजिता पांडे ने कहा कि दुर्घटना स्थल और एक्सीडेंट ज़ोन का सर्वे कर रिपोर्ट तैयार की जाएगी और उच्च अधिकारियों को भेजी जाएगी। वहीं सीओ दीपशिखा अग्रवाल ने कहा कि ग्रामीणों की मांग पर कट बंद करने और यातायात सुरक्षा उपायों के लिए रिपोर्ट संबंधित विभाग को भेजी जा रही है। आश्वासन के बाद ग्रामीण शांत हुए।
