हरिद्वार
“पापा, अब और नहीं सहा जाता…” हरकी पैड़ी पर युवक की जान बचाने में पुलिस ने दिखाई संवेदनशीलता
हरिद्वार। हर की पैड़ी क्षेत्र में आत्महत्या का प्रयास कर रहे एक युवक को समय रहते बचा लिया गया। यह मामला उस समय सामने आया जब देहरादून निवासी गौरव नामक युवक ने अपने पिता को वीडियो कॉल कर कहा, “पापा, मैं हर की पैड़ी आया हूं, अब और नहीं सहा जाता, आत्महत्या करने जा रहा हूं।” यह सुनकर पिता घबरा गए और तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम हरिद्वार को सूचना दी।
गौरव के कॉल के दौरान पीछे गंगा और काले-सफेद टाइल्स दिख रही थीं, जिससे पुलिस ने उसकी संभावित लोकेशन की पहचान की। कंट्रोल रूम ने तुरंत हरकी पैड़ी मुख्य प्रवेश द्वार पर तैनात एएसआई हरि प्रसाद और चौकी पुलिस को सूचना दी। एसपी सिटी पंकज गैरोला के निर्देश पर पुलिस टीम ने तेजी से युवक की खोज शुरू की।
कुछ ही समय में पुलिस ने गौरव को हरकी पैड़ी क्षेत्र से सुरक्षित ढूंढ निकाला और उसे आत्महत्या से रोक लिया। बाद में उसे समझा-बुझाकर हर की पैड़ी चौकी लाया गया। इसके बाद देहरादून से उसके परिजन पहुंचे, तो युवक को उनके सुपुर्द कर दिया गया।
पुलिस की तत्परता और संवेदनशीलता से एक युवा की जान बच गई। यह घटना बताती है कि जीवन की कठिनाइयों में भी संवाद और सहायता से समाधान निकल सकता है। गौरव को नया जीवन मिला और परिवार को राहत की सांस। इस घटनाक्रम ने पुलिस की मानवता और सजगता की एक मिसाल पेश की है।
