अल्मोड़ा/बागेश्वर/चंपावत/पिथौरागढ़
ड्रग फ्री देवभूमि अभियान : लाखों की हेरोइन के साथ युवक गिरफ्तार
पिथौरागढ़। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे ड्रग फ्री देवभूमि अभियान के तहत पिथौरागढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। एसपी रेखा यादव के निर्देशन में चल रही इस मुहिम के दौरान बीती रात ऐंचोली क्षेत्र में एसओजी और कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान एक संदिग्ध बाइक सवार को रोककर तलाशी ली गई तो उसके कब्जे से 12.51 ग्राम (पन्नी सहित) हेरोइन (स्मैक) बरामद हुई।
पुलिस ने आरोपी की पहचान संदीप कुमार उर्फ पंकू (30 वर्ष), निवासी तितरी, पिथौरागढ़ के रूप में की है। आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर उसके खिलाफ धारा 08/21/60 एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत मुकदमा दर्ज किया गया है। साथ ही तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल को भी कब्जे में लिया गया।
बरामद हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 3.75 लाख रुपये आंकी जा रही है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया।
यह कार्रवाई सीओ गोविन्द बल्लभ जोशी के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक कोतवाली ललित मोहन जोशी व प्रभारी एसओजी प्रकाश पाण्डेय के नेतृत्व में की गई। चेकिंग टीम में उप निरीक्षक संदीप पिलख्वाल, हेड कांस्टेबल अशोक बुदियाल, कांस्टेबल विजय कार्की, शेखर बुदियाल, प्रकाश नगरकोटी, गोविन्द रौतेला और सोनू कार्की शामिल रहे।
पुलिस का कहना है कि नशे की तस्करी व नशे की प्रवृत्ति पर अंकुश लगाने के लिए ऐसी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
