हल्द्वानी
नंदा देवी महोत्सव ड्यूटी में लापरवाही: इंस्पेक्टर निलंबित
हल्द्वानी। अनुशासनहीनता और कार्य के प्रति लापरवाही पर नैनीताल जनपद के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) प्रहलाद नारायण मीणा लगातार सख्त कदम उठा रहे हैं। इसी क्रम में नंदा देवी महोत्सव के दौरान ड्यूटी से अनुपस्थित रहने पर सीसीटीएनएस व समन सेल प्रभारी इंस्पेक्टर रजत कसाना को निलंबित कर दिया गया है।
एसएसपी ने बताया कि कसाना की ड्यूटी मल्लीताल थाने में लगाई गई थी। रूटीन चेकिंग के दौरान वे ड्यूटी से गायब पाए गए। मेले में सुरक्षा व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है, ऐसे में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
गौरतलब है कि बीते शुक्रवार को ही एसएसपी ने एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग सेल की एसआई मंजू ज्याला समेत छह पुलिसकर्मियों को निलंबित कर लाइन हाजिर कर दिया था। उसके अगले ही दिन शनिवार को उन्होंने फिर कार्रवाई करते हुए इंस्पेक्टर कसाना को निलंबित किया।
जानकारी के अनुसार रजत कसाना हाल ही में दरोगा से पदोन्नत होकर इंस्पेक्टर बने थे। लेकिन पदोन्नति के तुरंत बाद ही उनकी लापरवाही उजागर हो गई।
एसएसपी मीणा ने स्पष्ट किया कि पुलिस बल की जिम्मेदारी जनता की सुरक्षा है। ऐसे में किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर कठोर अनुशासनात्मक कदम उठाए जाएंगे। नंदा देवी महोत्सव जैसे बड़े आयोजनों में पुलिस की भूमिका और भी अहम हो जाती है। इसलिए हर अधिकारी और जवान को अपनी ड्यूटी पूरी जिम्मेदारी से निभानी होगी।
