उत्तराखण्ड
उत्तराखंड में भारी बारिश से चारधाम व हेमकुंड साहिब यात्रा 5 सितम्बर तक स्थगित
देहरादून। उत्तराखंड में लगातार जारी भारी बारिश ने आम जनजीवन के साथ-साथ यात्रियों की मुश्किलें भी बढ़ा दी हैं। पहाड़ी क्षेत्रों में जगह-जगह भूस्खलन और मलबा आने से सड़क मार्ग अवरुद्ध हो रहे हैं। इन हालातों को देखते हुए प्रदेश सरकार ने यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए चारधाम और हेमकुंड साहिब यात्रा को 5 सितम्बर तक स्थगित करने का निर्णय लिया है।
गढ़वाल कमिश्नर विनय शंकर पांडेय ने जानकारी दी कि वर्तमान में सड़क मार्गों की मरम्मत और सफाई का कार्य प्राथमिकता पर किया जा रहा है। हालांकि मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों में यात्रा जारी रखना यात्रियों की जान के लिए खतरा साबित हो सकता है। इसी कारण प्रशासन ने यात्रा पर अस्थायी रोक लगाने का फैसला लिया है।
उन्होंने यात्रियों से अपील की है कि वे फिलहाल यात्रा मार्गों पर प्रस्थान न करें और प्रशासन द्वारा जारी परामर्श का पालन करें। मौसम सामान्य होने और मार्ग पूरी तरह सुरक्षित पाए जाने के बाद ही यात्राओं को दोबारा प्रारंभ किया जाएगा।
प्रदेश सरकार और स्थानीय प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि सड़क मार्गों की निगरानी, सफाई और यात्रियों की सुरक्षा के लिए सभी आवश्यक कदम लगातार उठाए जा रहे हैं। साथ ही यात्रियों से अनुरोध किया गया है कि वे धैर्य एवं संयम बनाए रखें तथा यात्रा संबंधी सटीक जानकारी के लिए प्रशासनिक नियंत्रण कक्ष से नियमित संपर्क करते रहें।
