हल्द्वानी
लालकुआं में शोरूम आग से 110 ई-स्कूटर और बैटरियां खाक, करोड़ का नुकसान – बैटरी ब्लास्ट की आशंका
लालकुआं। गौला रोड स्थित प्रेम ट्रेडर्स शोरूम में रविवार देररात भीषण आग लग गई। हादसे में करीब 110 ई-स्कूटर और लगभग 40 लाख रुपये की बैटरियां जलकर राख हो गईं। आग लगने का कारण बैटरी ब्लास्ट होना माना जा रहा है। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियों ने करीब ढाई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
जानकारी के मुताबिक रात करीब 2:30 बजे शोरूम से धमाके जैसी आवाज आई। पास में रहने वाले परिवार ने तत्काल शोरूम स्वामी प्रेमनाथ पंडित और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। हल्द्वानी से दमकल की गाड़ियां पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद लपटों पर काबू पाया।
शोरूम स्वामी ने बताया कि नवरात्र और दीपावली की बिक्री को देखते हुए उन्होंने पितृपक्ष से पहले बड़ी मात्रा में ई-स्कूटर और बैटरियां खरीदी थीं। इस अग्निकांड में उन्हें एक करोड़ रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है।
तहसीलदार कुलदीप पांडे ने बताया कि प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण मानवीय भूल या शॉर्ट सर्किट प्रतीत होता है। हालांकि, संभावना यह भी जताई जा रही है कि किसी बैटरी में ब्लास्ट से आग लगी हो, क्योंकि जिस जगह से आग शुरू हुई वहां विद्युत कनेक्शन मौजूद नहीं था। आग लगने के बावजूद शोरूम के भीतर की लाइटें जल रही थीं, जिन्हें बाद में विद्युत विभाग से संपर्क कर बंद कराया गया।
इस हादसे ने ई-वाहनों की बैटरियों की सुरक्षा पर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस और प्रशासन ने विस्तृत जांच शुरू कर दी है।
