Connect with us

नैनीताल

कालाढूंगी में सड़क हादसे में युवक की मौत, तीन घायल; गुरुणी नाले में बाल-बाल बचे दो युवक

Published

on

खबर शेयर करें 👉

कालाढूंगी। हल्द्वानी मुख्य हाईवे पर मंगलवार शाम गुलजापुर बंकी चौराहे के पास बड़ा हादसा हो गया। दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत में चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को सीएचसी कालाढूंगी ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया। बाकी तीन घायलों को हायर सेंटर एसटीएच हल्द्वानी रेफर किया गया है।
पुलिस के मुताबिक, रतनपुर चकलुवा निवासी 22 वर्षीय कमल यादव पुत्र सुभाष यादव अपने मित्र कमल आर्या पुत्र पुष्कर राम के साथ बाइक से कालाढूंगी आ रहे थे। इस दौरान गुलजापुर बंकी चौराहे पर घास लेकर जा रही एक महिला को बचाने के प्रयास में उनकी बाइक सामने से आ रही दूसरी बाइक से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक चला रहे कमल यादव की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं कमल आर्या गंभीर रूप से घायल हो गया। दूसरी बाइक पर सवार मुखानी हल्द्वानी निवासी मनोज कड़ाकोटी और सुषमा हाथीखाल गोरापड़ाव भी घायल हो गए। एसआई जयवीर सिंह ने बताया कि हादसे के बाद घायलों को उपचार के लिए रेफर किया गया है।
इसी बीच मंगलवार को कोटाबाग क्षेत्र का गुरुणी नाला तेज उफान पर आ गया। पानी का बहाव इतना तेज था कि लोगों ने किनारे खड़े होकर पानी कम होने का इंतजार किया। इसी बीच बाइक सवार दो युवकों ने नाला पार करने की कोशिश की। जैसे ही वे बीच में पहुंचे, बाइक समेत गिर पड़े और बहने लगे। गनीमत रही कि एक युवक दौड़ते हुए किनारे तक पहुंच गया, जबकि दूसरा युवक बाइक के साथ कुछ दूर तक बहा, लेकिन अंततः सुरक्षित बाहर निकल आया।
स्थानीय लोगों ने नाराजगी जताई कि वर्षों से गुरुणी नाले पर पुल निर्माण की मांग की जा रही है, लेकिन अब तक केवल आश्वासन ही मिले हैं। हादसे ने एक बार फिर क्षेत्र में पुल निर्माण की जरूरत को उजागर कर दिया है।

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Select Language

Advertisement