उत्तराखण्ड
उत्तराखंड प्रीमियर लीग (यूपीएल) का दूसरा संस्करण 23 सितंबर से शुरू
देहरादून। क्रिकेट प्रेमियों के लिए खुशखबरी है। उत्तराखंड प्रीमियर लीग (यूपीएल) का दूसरा संस्करण 23 सितंबर से शुरू होने जा रहा है। इस बार टूर्नामेंट में महिला और पुरुष दोनों श्रेणियों में कुल 11 टीमें दमखम दिखाती नजर आएंगी। इसमें पुरुष वर्ग की सात और महिला वर्ग की चार टीमें शामिल होंगी।
राजपुर रोड स्थित एक होटल में पत्रकारों से बातचीत करते हुए आयोजक राजीव खन्ना ने बताया कि टूर्नामेंट का आयोजन बड़े स्तर पर किया जा रहा है। पुरुष वर्ग की विजेता टीम को 25 लाख रुपये की आकर्षक धनराशि दी जाएगी, जबकि महिला वर्ग की विजेता टीम को सात लाख रुपये का पुरस्कार मिलेगा। इसके अलावा हर मैच में शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी को 10 हजार रुपये का मैन ऑफ द मैच अवॉर्ड दिया जाएगा।
टूर्नामेंट को और रोचक बनाने के लिए इसमें कई नामचीन खिलाड़ी आइकन प्लेयर के रूप में चुने गए हैं। पुरुष श्रेणी में अवनीश सुधा, युवराज चौधरी, जगदीश सुचित, प्रशांत चोपड़ा, भूपेन लालवानी, कुणाल चंदेला और राजन कुमार शामिल हैं। वहीं महिला वर्ग में मानसी जोशी, नीलम भारद्वाज, स्वेता वर्मा और कंचन परिहार को आइकन प्लेयर की सूची में जगह दी गई है।
उन्होंने बताया कि टूर्नामेंट का भव्य शुभारंभ किया जाएगा और क्रिकेट के साथ-साथ दर्शकों के मनोरंजन के लिए प्रत्येक दिन सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित होंगे। इस अवसर पर क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड के पदाधिकारी भी मौजूद रहे और उन्होंने टूर्नामेंट को सफल बनाने का आह्वान किया।
उत्तराखंड प्रीमियर लीग का यह संस्करण खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का सुनहरा अवसर प्रदान करेगा। साथ ही, स्थानीय क्रिकेट प्रतिभाओं को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने की दिशा में यह टूर्नामेंट एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
