देहरादून
देहरादून: परिजनों की डांट से आहत छात्रा ने दी जान, शक्ति नहर में कूदने से हुई मौत
देहरादून। विकासनगर क्षेत्र से एक दर्दनाक घटना सामने आई है। परिजनों की डांट से नाराज होकर 12वीं कक्षा की छात्रा तानिया (18) ने आत्मघाती कदम उठा लिया। रविवार को वह घर से निकलकर शक्ति नहर की ओर गई और उसमें कूद गई। सीसीटीवी फुटेज में भी युवती नहर की ओर जाते हुए दिखाई दी थी। सोमवार को ढकरानी जल विद्युत गृह के इंटेक में उसका शव उतरता दिखाई दिया। पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने शव को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया।
इस तरह सामने आई घटना
कोतवाली प्रभारी विनोद सिंह गुसाईं ने बताया कि सोमवार को ढकरानी जल विद्युत गृह के इंटेक में शव दिखने की सूचना मिली। जानकारी मिलते ही डाकपत्थर स्थित एसडीआरएफ यूनिट के प्रभारी सुरेश तोमर अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। कड़ी मशक्कत के बाद शव को बाहर निकाला गया। बाद में परिजनों ने शव की पहचान तानिया के रूप में की।
पारिवारिक पृष्ठभूमि
मृतका का परिवार मूल रूप से उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले के जनता रोड का रहने वाला है। करीब 15 साल पहले वे विकासनगर आकर मंडी चौक क्षेत्र में रहने लगे थे। यहां तानिया का परिवार उसकी मां के भाई के साथ एक ही मकान में रह रहा था। तानिया विकासनगर के एक अशासकीय विद्यालय में 12वीं की छात्रा थी। बताया जा रहा है कि रविवार को घर पर परिजनों ने उसे किसी बात पर डांट दिया था। इससे आहत होकर वह गुस्से में घर से निकल गई और शक्ति नहर की ओर चली गई।
गमगीन परिजन
घटना के बाद से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव परिवार को सौंप दिया है। वहीं, पुलिस ने लोगों से अपील की है कि बच्चों को भावनात्मक रूप से समझाने का प्रयास करें, ताकि वे आहत होकर ऐसे कदम न उठाएं।
