हरिद्वार
हरिद्वार: पूर्व विधायक सुरेश राठौर फिर विवादों में, महिला मित्र के दावों से मचा बवाल, बोली बच्चा संभालू या…
भाजपा से निष्कासित पूर्व विधायक सुरेश राठौर इंटरनेट मीडिया पर उठे निजी विवादों से घिरे। अभिनेत्री उर्मिला सनावर ने बच्चे के साथ फोटो शेयर कर निजी संबंध और ₹1500 करोड़ के दावे किए। राठौर ने इसे राजनीतिक साजिश बताया है।
हरिद्वार। राजनीतिक गलियारों में एक बार फिर पूर्व विधायक सुरेश राठौर को लेकर हलचल मच गई है। भारतीय जनता पार्टी से पूर्व में निष्कासित किए जा चुके राठौर इस बार इंटरनेट मीडिया पर उठे निजी विवादों में घिर गए हैं। यह विवाद उनकी कथित प्रेमिका और अभिनेत्री उर्मिला सनावर की ओर से फेसबुक पर किए गए कई निजी दावों के कारण पैदा हुआ है। ये दावे तेजी से वायरल हो रहे हैं और राजनीतिक हलकों में चर्चा का विषय बन गए हैं।
अभिनेत्री उर्मिला सनावर ने हाल ही में अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक बच्चे के साथ अपनी तस्वीरें साझा की हैं। इन तस्वीरों के साथ उन्होंने कुछ पोस्ट भी लिखीं, जिनमें पूर्व विधायक सुरेश राठौर के साथ व्यक्तिगत संबंधों और जिम्मेदारी से जुड़े गंभीर दावे किए गए हैं। एक चौंकाने वाले पोस्ट में उन्होंने लिखा, “पति देव मैं बच्चा संभालूं घर संभालूं, ज्वालापुर विधानसभा संभालूं या इंटरव्यू दूं पत्रकारों को… आज सहारनपुर आ जाओ और इसे ले जाओ… ₹1500 करोड़ की…”
वहीं, सुरेश राठौर ने इन सभी दावों को सिरे से खारिज कर दिया है। उन्होंने कहा कि महिला जो कुछ भी कह रही है, उन्हें उसकी कोई जानकारी नहीं है। उन्होंने इन दावों को पूरी तरह से निराधार और उनकी राजनीतिक छवि को धूमिल करने के लिए किया गया राजनीतिक षड्यंत्र बताया है। राठौर ने यह भी स्पष्ट किया कि संबंधित महिला के विरुद्ध उन्होंने पहले भी ब्लैकमेलिंग का एक मुकदमा दर्ज कराया था।
पूर्व विधायक ने अपने बचाव में आगे कहा कि यह महिला पहले भी कई विवादों में रही है और उनके बीच किसी तरह का कानूनी समझौता नहीं हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि वह महिला एआई तकनीक (AI technology) का उपयोग करके उनकी फर्जी तस्वीरें बनाकर इंटरनेट मीडिया पर पोस्ट कर रही है। सुरेश राठौर ने इसे अपनी “राजनीतिक हत्या” करने का एक सोचा-समझा प्रयास बताया है। यह मामला अब केवल एक व्यक्तिगत विवाद न रहकर एक राजनीतिक तूल पकड़ चुका है।
