Connect with us

हल्द्वानी

हल्द्वानी: EVPL क्रिकेट लीग के पहले ही दिन भारी बवाल, मैच रद्द होने पर दर्शकों ने गेट पर काटा हंगामा

Published

on

खबर शेयर करें 👉

हल्द्वानी के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में EVPL T20 लीग के पहले ही दिन दर्शकों ने जमकर हंगामा किया। मैच रद्द होने और टिकट रिफंड को लेकर बढ़ी रार। पढ़ें पूरी खबर।

हल्द्वानी। गौलापार स्थित इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में मंगलवार से शुरू हुई एपिक विक्ट्री क्रिकेट लीग (EVPL) के पहले ही दिन जबरदस्त हंगामा देखने को मिला। 3 फरवरी से 12 फरवरी तक चलने वाली इस टी20 लीग का पहला मुकाबला उत्तराखंड सोल्जर और दिल्ली नाइट के बीच खेला जाना था। लेकिन मैच शुरू होने से पहले ही इसे रद्द कर दिया गया, जिससे दूर-दूर से आए क्रिकेट प्रेमियों का उत्साह ठंडे बस्ते में चला गया और उन्होंने स्टेडियम के गेट पर जमकर नारेबाजी की।
कुमाऊं के इस एकमात्र अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में पहली बार फ्लड लाइट (दूधिया रोशनी) में राष्ट्रीय स्तर का मैच होना था। इसे देखने के लिए बड़ी संख्या में दर्शक टिकट खरीदकर पहुंचे थे। मैच के मुख्य आकर्षण भारतीय टीम के पूर्व तेज गेंदबाज प्रवीण कुमार थे, जिन्हें गेंदबाजी करते देखने के लिए प्रशंसक बेताब थे। हालांकि, जब काफी देर तक कोई भी खिलाड़ी मैदान में नहीं उतरा, तो दर्शकों का धैर्य जवाब दे गया। स्टेडियम के बाहर जमा भीड़ ने आयोजकों के खिलाफ मोर्चा खोल दिया और अपने टिकट के पैसे वापस मांगने लगे।
आयोजकों ने स्थिति को संभालने का प्रयास करते हुए घोषणा की कि टिकट के पैसे अगले मैचों में ‘एडजस्ट’ किए जाएंगे। लेकिन इस दलील से दर्शक संतुष्ट नहीं हुए और उन्होंने मौके पर ही रिफंड की मांग को लेकर हंगामा जारी रखा। पहली बार हल्द्वानी में इस स्तर के आयोजन को लेकर लोगों में काफी खुशी थी, क्योंकि इस लीग में इरफान पठान समेत कई विदेशी सितारों के आने की भी संभावना जताई गई है। ऐसे में पहले ही दिन का यह कुप्रबंधन चर्चा का विषय बन गया है।
मैच रद्द होने के पीछे का कारण बताते हुए आयोजकों ने मीडिया के सामने अपना पक्ष रखा। उन्होंने बताया कि आयोजन टीम के एक पार्टनर का दिल्ली में आकस्मिक निधन हो गया है, जिसके चलते शोक स्वरूप पहले दिन का मुकाबला रद्द करना पड़ा। आयोजकों ने आश्वासन दिया है कि आगामी मैच पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार ही खेले जाएंगे। बता दें कि इस लीग में कुल छह टीमें हिस्सा ले रही हैं, जिनके बीच 12 फरवरी तक 14 मुकाबले खेले जाने हैं।

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Select Language

Advertisement