Connect with us

नैनीताल

रामनगर में दर्दनाक हादसा: कूड़ा वाहन ने 5 साल की मासूम को कुचला, शव रखकर परिजनों का प्रदर्शन

Published

on

खबर शेयर करें 👉

रामनगर के पुछड़ी में बुधवार को कूड़ा वाहन ने 5 वर्षीय आलिया को कुचला, मौके पर मौत। परिजनों का शव रखकर प्रदर्शन, पुलिस के साथ तीखी झड़प। जानें पूरी खबर।

रामनगर (नैनीताल): रामनगर के पुछड़ी इलाके में बुधवार को एक हृदय विदारक घटना सामने आई। यहाँ एक अनियंत्रित कूड़ा वाहन की चपेट में आने से पांच वर्षीय मासूम बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने शव को घर के बाहर रखकर जोरदार हंगामा किया, जिससे स्थिति तनावपूर्ण हो गई।
जानकारी के मुताबिक, बिहारी टप्पर नई बस्ती (पुछड़ी) निवासी कमल हसन की पांच वर्षीय पुत्री आलिया घर के पास अन्य बच्चों के साथ खेल रही थी। तभी ट्रंचिंग ग्राउंड से कूड़ा डालकर लौट रहे एक अज्ञात वाहन ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। वाहन का पहिया आलिया के सिर के ऊपर से गुजर गया, जिससे अत्यधिक रक्तस्राव के कारण उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। मृतका के मामा आरिफ ने बताया कि आलिया की मां का देहांत तीन साल पहले ही हो चुका था और अब इस हादसे ने परिवार को झकझोर कर रख दिया है। मौके पर पहुंची पुलिस को स्थानीय महिलाओं के भारी विरोध का सामना करना पड़ा। इस दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच तीखी झड़प भी हुई।
नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी (EO) आलोक उनियाल ने स्पष्ट किया है कि ट्रंचिंग ग्राउंड पर गांव का भी कूड़ा डाला जा रहा है और दुर्घटना करने वाला वाहन पालिका का नहीं है। वहीं, कोतवाल सुशील कुमार ने बताया कि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लोगों को शांत कराया है। फिलहाल पुलिस आरोपी वाहन और उसके चालक की तलाश में जुट गई है।

Select Language

Advertisement