उधमसिंह नगर
नानकमत्ता में शादी की खुशियां मातम में बदली: डीजे पर डांस के दौरान युवक को लगी गोली
ऊधम सिंह नगर के नानकमत्ता में शादी समारोह के दौरान फायरिंग से सनसनी। 30 वर्षीय युवक बूटा सिंह गंभीर रूप से घायल, पुलिस मामले की जांच में जुटी। पूरी खबर पढ़ें।
ऊधम सिंह नगर: जनपद के नानकमत्ता थाना क्षेत्र स्थित कौंधाखेड़ा गांव में रविवार रात एक शादी समारोह के दौरान अचानक चली गोली ने हड़कंप मचा दिया। डीजे की धुन पर थिरक रहे मेहमानों के बीच अचानक हुई फायरिंग में 30 वर्षीय युवक बूटा सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया। गोली युवक के दाहिने हाथ में लगी, जिसके बाद समारोह में अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया।
घटना रात करीब 12 बजे की है जब गांव निवासी गुरमुख सिंह का पुत्र बूटा सिंह अन्य लोगों के साथ नाच रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शोर-शराबे के बीच अचानक गोली चलने की आवाज आई और बूटा सिंह लहूलुहान होकर गिर पड़ा। आनन-फानन में परिजन उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नानकमत्ता ले गए, जहाँ प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी नाजुक हालत को देखते हुए हल्द्वानी रेफर कर दिया।
सूचना मिलते ही नानकमत्ता पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। कोतवाल मंजू पाण्डे ने बताया कि पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि फायरिंग जानबूझकर की गई या यह हर्ष फायरिंग का मामला है। अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि हथियार लाइसेंसी था या अवैध, जिसके लिए चश्मदीदों से गहन पूछताछ की जा रही है।
हैरानी की बात यह है कि पीड़ित पक्ष की ओर से अब तक कोई लिखित तहरीर नहीं दी गई है। इसके बावजूद, पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए घायल युवक से मिली जानकारी के आधार पर संदिग्धों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस प्रशासन ने साफ किया है कि समारोहों में अवैध हथियार या हवाई फायरिंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
