Connect with us

हल्द्वानी

हल्द्वानी में गैस माफिया पर बड़ी चोट: बनभूलपुरा में अवैध रिफिलिंग का भंडाफोड़, छापेमारी के दौरान आरोपी फरार

Published

on

खबर शेयर करें 👉

हल्द्वानी के बनभूलपुरा में पूर्ति विभाग की बड़ी कार्रवाई। घरेलू गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी और अवैध रिफिलिंग करते पकड़े गए उपकरण, आरोपी पुलिस को चकमा देकर हुए फरार।

हल्द्वानी: उत्तराखंड के हल्द्वानी स्थित बनभूलपुरा क्षेत्र में घरेलू गैस सिलेंडरों की अवैध रिफिलिंग और कालाबाजारी (Black Marketing) का एक बड़ा नेटवर्क सामने आया है। पूर्ति विभाग की टीम ने मुखबिर की सूचना पर घास मंडी इलाके में दो अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी की। इस कार्रवाई के दौरान भारी मात्रा में घरेलू सिलेंडर, छोटे सिलेंडर, रिफिलिंग पाइप और इलेक्ट्रॉनिक कांटे बरामद किए गए हैं। हालांकि, विभाग की टीम को चकमा देकर मुख्य आरोपी मौके से फरार होने में कामयाब रहे।
पहली कार्रवाई पूर्ति निरीक्षक जगमोहन सिंह नेगी और गौरव जोशी के नेतृत्व में ‘मैसर्स दिल्ली पावर टूल्स’ पर हुई। यहाँ टीम को 14.2 किलो के एचपी घरेलू सिलेंडर के साथ कई छोटे अवैध सिलेंडर और रिफिलिंग उपकरण मिले। मौके पर मौजूद मोहम्मद मुसेब नाम का व्यक्ति कोई भी वैध दस्तावेज नहीं दिखा सका और पूछताछ के दौरान भाग निकला। विभाग ने बरामद सारा सामान सील कर स्थानीय पुलिस को सौंप दिया है।
वहीं दूसरी छापेमारी एक क्रॉकरी और चूल्हे की दुकान पर की गई। यहाँ से इंडेन, भारत और एचपी कंपनियों के सील कैप, रेगुलेटर और आधा भरा सिलेंडर बरामद हुआ। दुकान में मौजूद शिवम नामक व्यक्ति ने सारा दोष शादाब नामक युवक पर मढ़ दिया और उसे बुलाने के बहाने खुद भी रफूचक्कर हो गया। प्रशासन अब इन सभी आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्यवाही की तैयारी कर रहा है।
पूर्ति विभाग के अधिकारियों के अनुसार, यह कृत्य आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 की धारा 3/7 और एलपीजी कंट्रोल ऑर्डर 2000 का सीधा उल्लंघन है। बनभूलपुरा कोतवाल डी.एस. फर्त्याल ने बताया कि फरार आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और पुलिस की टीमें उनकी तलाश में जुटी हैं। शहर में गैस की किल्लत के बीच इस तरह की कालाबाजारी ने प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है।

Select Language

Advertisement