हरिद्वार
हरिद्वार: कार लूटकर भाग रहे बदमाशों ने स्कूटी सवार को रौंदा, रिटायर्ड इंजीनियर की दर्दनाक मौत
मंगलौर: हरिद्वार जिले के मंगलौर क्षेत्र में शनिवार शाम बदमाशों के दुस्साहस ने एक मासूम की जान ले ली। रुड़की के मोहनपुरा से हरियाणा जाने के बहाने कार बुक करने वाले तीन बदमाशों ने पहले चालक से गाड़ी लूटी और फिर भागने के प्रयास में एक बुजुर्ग को मौत के घाट उतार दिया। इस सनसनीखेज वारदात से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, नगला श्री निवासी रोहित अपनी टाटा नेक्सन कार से बुकिंग का काम करता है। शनिवार शाम तीन युवकों ने शराब के नशे में उसकी गाड़ी बुक की थी। जैसे ही कार गुड़ मंडी के पास पहुंची, बदमाशों ने बहाने से गाड़ी रुकवाई और रोहित को धक्का देकर नीचे गिरा दिया। इसके बाद लुटेरे तेज रफ्तार में कार लेकर फरार हो गए।
लूट की वारदात के बाद बदमाश लिब्बरहेड़ी की ओर भाग रहे थे। इसी दौरान उन्होंने सामने से आ रही एक स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में स्कूटी सवार 65 वर्षीय अनिल त्यागी की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक अनिल त्यागी रुड़की सिंचाई विभाग से रिटायर्ड इंजीनियर थे और कुहाहेड़ी के निवासी थे।
हादसे के बाद आरोपी बदमाश पकड़े जाने के डर से लूटी हुई कार को मौके पर ही छोड़कर जंगल के रास्ते फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस ने तत्काल नाकाबंदी कर तलाशी अभियान चलाया, लेकिन अंधेरे का फायदा उठाकर बदमाश भागने में सफल रहे। पुलिस ने क्षतिग्रस्त कार और स्कूटी को कब्जे में ले लिया है।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अमरजीत सिंह ने बताया कि बदमाशों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लुटेरों की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं। जल्द ही आरोपियों को सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।
