नैनीताल
कैंची धाम में जाम से मिलेगी मुक्ति: मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने किया भवाली-रातीघाट बाईपास का निरीक्षण
मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने नैनीताल के कैंची धाम और भवाली बाईपास का स्थलीय निरीक्षण किया। जून तक बाईपास शुरू करने और वैलिब्रिज बनाने के निर्देश दिए।
भवाली: नैनीताल जिले के प्रवास पर पहुंचे मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने विश्व प्रसिद्ध श्री कैंची धाम क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए कमर कस ली है। उन्होंने कैंची धाम में लगने वाले भीषण जाम की समस्या के स्थायी समाधान हेतु नवनिर्मित भवाली बाईपास और भवाली-रातीघाट बाईपास का गहन स्थलीय निरीक्षण किया। मुख्य सचिव ने स्पष्ट निर्देश दिए कि आगामी पर्यटन सीजन और जून माह से पूर्व इस महत्वपूर्ण बाईपास मार्ग को हर हाल में संचालित किया जाए।
मुख्य सचिव ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि जब तक स्थायी मोटर पुल का निर्माण पूरा नहीं हो जाता, तब तक इस सीजन में ‘वैलिब्रिज’ (Bailey Bridge) स्थापित कर यातायात सुचारू किया जाए। कैंची धाम में बाबा नीम करोरी के दर्शन के लिए देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए प्रशासन की प्राथमिकता यात्रियों को जाम मुक्त आवागमन की सुविधा देना है। 18.15 किलोमीटर लंबे इस बाईपास के बनने से पहाड़ी जिलों को जाने वाले वाहनों को एक बेहतरीन वैकल्पिक मार्ग मिलेगा।
निरीक्षण के दौरान लोनिवि के मुख्य अभियंता पी.एस. बृजवाल ने बताया कि भवाली सेनीटोरियम से रातीघाट तक 8 किलोमीटर मार्ग का निर्माण पूर्ण हो चुका है। शेष भाग में पहाड़ी कटिंग का कार्य भी पूरा कर लिया गया है और वर्तमान में सुरक्षा दीवारों व कलमठों का निर्माण तेजी से चल रहा है। इसके अलावा, कैंची धाम में ‘मानस खंड मंदिर माला मिशन’ के अंतर्गत ₹40.81 करोड़ की लागत से बहुमंजिला पार्किंग, मेडिटेशन सेंटर और पाथवे का निर्माण भी किया जा रहा है, जिससे श्रद्धालुओं को विश्वस्तरीय सुविधाएं मिल सकेंगी।
मुख्य सचिव ने नैनीताल की लोअर माल रोड पर हो रहे भू-धंसाव की रोकथाम के लिए चल रहे ₹3.48 करोड़ के सुरक्षात्मक कार्यों का भी जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी कार्य उच्च गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरे किए जाएं। इस दौरान कुमाऊं कमिश्नर दीपक रावत, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल और एसएसपी मंजूनाथ टीसी सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। मुख्य सचिव ने बाबा नीम करोरी के दर्शन कर राज्य की सुख-समृद्धि की कामना भी की।
