हल्द्वानी
हल्द्वानी: स्टेडियम रोड पर महिला से अभद्रता करने वाले दो शोहदे गिरफ्तार, SSP का सख्त संदेश
हल्द्वानी स्टेडियम रोड पर महिला और पुरुष से मारपीट व बदसलूकी करने वाले अजय फर्त्याल और अजय सिंह थापा को नैनीताल पुलिस ने दबोचा। एसएसपी ने दी कड़ी चेतावनी।
हल्द्वानी। जनपद नैनीताल में महिला सुरक्षा को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रहा है। ताजा मामले में हल्द्वानी पुलिस ने स्टेडियम रोड पर एक महिला और पुरुष के साथ अभद्रता व मारपीट करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) नैनीताल, डॉ. मंजुनाथ टी.सी. के सख्त निर्देशों के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों हुड़दंगियों को सलाखों के पीछे भेज दिया है।
घटना बीते 17 मार्च 2026 की है, जब स्टेडियम रोड से अपने घर जा रहे एक महिला और पुरुष का दो युवकों ने पीछा किया। आरोपियों ने न केवल उनके साथ गाली-गलौज की, बल्कि मारपीट और गंभीर बदसलूकी भी की। मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रभारी निरीक्षक हल्द्वानी, श्री विजय सिंह मेहता के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दोनों अभियुक्तों को दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अजय फर्त्याल (निवासी फतेहपुर, मुखानी) और अजय सिंह थापा (निवासी पीली कोठी, मुखानी) के रूप में हुई है।
पुलिस ने बताया कि पीड़ित पक्ष (मयंक भण्डारी व रक्षिमी आर्य) की तहरीर के आधार पर थाना हल्द्वानी में FIR No. 95/2026 पंजीकृत की गई है। दोनों अभियुक्तों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2), 324(2) और 74 के तहत मुकदमा दर्ज कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर पुलिस ने शांति व्यवस्था भंग करने के आरोप में दोनों को धारा 172 BNSS के तहत हिरासत में लिया था।
इस मामले पर एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टी.सी. ने कड़ा रुख अपनाते हुए अपराधियों को स्पष्ट संदेश दिया है। उन्होंने कहा, “जनपद में महिलाओं की सुरक्षा और आम जनता का भयमुक्त आवागमन हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। सड़कों पर हुड़दंग करने वाले या महिलाओं के साथ बदसलूकी करने वाले अराजक तत्वों के लिए देवभूमि में कोई स्थान नहीं है। ऐसे अपराधियों के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाते हुए कठोरतम कार्यवाही की जाएगी।”
